बूंदाबांदी से मध्यम वर्षा का अनुमान, गिरेगा तापमान

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। अगले 24 से 36 घंटों में मिथिलांचल में अकवन चक्रवात का असर दिखेगा। जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी वहीं बेगूसराय में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी आगामी 25 नवम्बर, 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान में मौसम वैज्ञानिकों ने उक्त जानकारी दी है।
कहां होगी बारिश कहां बूंदाबांदी :
वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वानुमान अवधि के दौरान अगले 24 से 36 घंटों में चक्रवात अकवन के प्रभाव से उत्तर बिहार के बेगूसराय में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं इस चक्रवात के प्रभाव से समस्तीपुर, दरभंगा एवं मधुबनी जिलों के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। अगले एक से दो दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं।
तापमान :
इस अवधि में अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80-90% तथा दोपहर में 35-45% के आसपास रहने की संभावना है।
हवा की दिशा और रफ्तार :
आगामी एक–दो दिनों की अवधि में 8-12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पूर्वी हवाएँ तथा इसके बाद पूर्वानुमान अवधि के शेष दिनों में पछिया हवा चलने की संभावना है।