डीआरपीसीएयू और एनआईएफ के बीच हुआ करार

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। अब छात्रों, वैज्ञानिकों, किसानों और आम लोगों से द्वारा प्रस्तुत नई खोजें, नये विचारों और नवाचारों को नई उड़ान मिलेगी। उनके नवाचारों को व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में पेटेंट भी किया जा सकेगा। क्योंकि, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा और नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ) के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण करार (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया है। जिसके तहत छात्रों, वैज्ञानिकों, किसानों और आम लोगों की नई खोजों, नये विचारों और नवाचारों को खोजने, दस्तावेजीकरण करने तथा उनके सत्यापन और प्रमाणीकरण में सहायता प्रदान की जाएगी।
उद्देश्य :
इसके साथ ही छात्रों और शिक्षकों को समाज की अनसुलझी जरूरतों और समस्याओं की पहचान करने, तथा नवाचार के लिए जागरूक व प्रेरित किया जाएगा, ताकि आरपीसीएयू और एनआईएफ की इनक्यूबेटेड तकनीकों के माध्यम से उनका समाधान निकाला जा सके। इस समझौते का उद्देश्य अकादमिक और अनुसंधान सहयोग के माध्यम से एक समावेशी नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।
इस करार के बाद, जमीनी स्तर के नवाचारकों को उनकी तकनीक में मूल्य संवर्धन के लिए हैंडहोल्डिंग और मेंटरशिप सहायता, नवाचारों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए प्रासंगिक जानकारी का प्रसार, प्रदर्शन और साझाकरण तथा दोनों संस्थानों के वैज्ञानिकों और शिक्षकों की विशेषज्ञता का उपयोग अकादमिक, तकनीकी, मेंटरिंग और जमीनी स्तर की कार्रवाई के लिए किया जाएगा।
परस्पर सुविधाओं को करेंगे साझा :
इसके अलावा नवाचारकों, किसानों, कर्मचारियों, छात्रों और तकनीकी कर्मियों को सहयोग के क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। समय-समय पर संयुक्त कार्यशालाएं, सम्मेलन और प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर दोनों संस्थान एक-दूसरे की सुविधाओं को भी साझा करेंगे।
एमओयू संचालन के लिए समन्वय समिति :
एमओयू के संचालन के लिए एक समन्वय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें डीआरपीसीएयू के निदेशक अनुसंधान या उनके नामित प्रतिनिधि, एनआईएफ के निदेशक या उनके नामित प्रतिनिधि और दोनों संस्थानों से अन्य सह-चयनित वैज्ञानिक व शिक्षक शामिल होंगे। यह समिति वर्ष में कम से कम एक बार बैठक कर गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करेगी, नई परियोजनाओं पर विचार करेगी और आईपीआर व वित्तीय व्यवस्था सहित सहयोग के अन्य पहलुओं पर निर्णय लेगी। बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) का प्रबंधन संस्थागत नियमों के अनुसार किया जाएगा, जिसमें योगदान देने वाले पक्षों को उचित श्रेय दिया जाएगा।
कुलपति ने बताया ऐतिहासिक कदम :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेन्दु पाण्डेय ने कहा कि, “यह एमओयू पूसा विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। हमारे किसानों और छात्रों के पास नवाचार की अपार क्षमता है, बस उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन की जरूरत है। एनआईएफ के साथ यह साझेदारी जमीनी नवाचारकों को पहचान दिलाएगी और उनके नवाचारों को खेत से लेकर बाजार तक पहुंचाने में मदद करेगी।”
कुलाधिपति ने कहा :
कार्यक्रम में बोलते हुए वहीं कुलाधिपति डॉ. पी.एल. गौतम ने कहा, कि यह करार जमीनी प्रतिभा को सम्मान देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। जब विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय संस्थान मिलकर काम करते हैं, तो नवाचार को नई दिशा मिलती है। मुझे विश्वास है कि यह साझेदारी ग्रामीण भारत के नवाचारकों के लिए नए अवसर खोलेगी।”
उपस्थिति :
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. पी.के. प्रणव, विश्वविद्यालय के योजना विभाग के इंचार्ज डॉ समीर, नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन के निदेशक डॉ. अरविन्द सी रानाडे, निदेशक अनुसंधान डॉ. ए.के. सिंह, निदेशक बीज डॉ. डी.के. राय, डीन कम्यूनिटी साइंस डॉ. उषा सिंह, डॉ. कुमार राज्यवर्धन समेत विभिन्न शिक्षक वैज्ञानिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।