सुगम निर्वाचन हेतु जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा की अध्यक्षता में गुरुवार को सुगम निर्वाचन हेतु जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गयी। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के निदेशानुसार अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के क्रम में विकलांग निर्वाचकों को निर्वाचक सूची में निबंधित कराने के लिए जिले के द्वारा किये गये प्रयासों की जानकारी भी दी गयी।
बहैसियत जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुशवाहा ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बताया कि, भारत निर्वाचन आयोग, के निर्देश के आलोक में जिला स्तर पर सुगम निर्वाचन हेतु जिला निगरानी समिति (डीएमसीएई) का गठन किया गया है।
जिले में विभिन्न कोटि के कुल 36451 विकलांग मतदाता :
समस्तीपुर जिलान्तर्गत प्रारूप निर्वाचक सूची के प्रकाशन के उपरांत विकलांग निर्वाचकों की संख्या 36451 है। जिसमें दृष्टिहीन निर्वाचकों की संख्या 5951, मूक बधिर निर्वाचकों की संख्या 4179 एवं अन्य निर्वाचकों की संख्या 26321 है।
निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 04.01.2027 को :
बताया गया कि निर्वाचक सूची के प्रारूप प्रकाशन विगत 12 नवंबर को किया गया। जिसके उपरांत 11 दिसम्बर तक दावा/आपत्ति प्राप्त किये जाएंगे। प्राप्त दावा/आपत्ति का निष्पादन 28 दिसंबर को तथा निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 04.01.2027 को होना निर्धारित है।
किया जाएगा विकलांग निर्वाचकों को चिन्हित :
इस क्रम में श्री कुशवाहा ने बताया कि, निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र 6, विलोपन हेतु प्रपत्र 7 एवं संशोधन हेतु प्रपत्र-8 में आवेदन दिया जा सकता है। जिले के दिव्यांगजनों को, जो इस सूची में नही है, उन्हें चिन्हित कर निर्वाचक सूची में नाम जोड़ना है। साथ ही वोटर सर्विस पोर्टल, वोटर हेल्प लाईन एवं सक्षम एप्प के माध्यम से विकलांग निर्वाचकों को मतदाता सूची में चिन्हित किया जाना है।
सिविल सर्जन को निर्देश :
जिलाधिकारी ने कहा कि, सोशल मीडिया के माध्यम से इसका प्रचार प्रसार किया जाय ताकि, छूटे हुए विकलांग मतदाताओं का नाम निर्वाचक सूची में निबंधित किया जा सके। इस संदर्भ में सिविल सर्जन को दिव्यांगजनों की जाँच कर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने हेतु विशेष शिविर लगाने की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया गया है।
उपस्थिति :
उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, एवं सहायक निर्देशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग समस्तीपुर, सचिव, बाबा गरीबनाथ विकलांग-सह-जनसेवा संस्थान, मुजफ्फरपुर (राष्ट्रीय) न्यास के तहत निबंधित संस्थान, सुरेन्द्र कुमार झा, सरकारी अधिवक्ता, समाहरणालय रंजीत कुमार सहनी, प्रधानाध्यापक आदर्श मध्य विद्यालय, रोसडा एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद थे।