आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की ली जानकारी

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। कायाकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी संस्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित, बेहतर और सुविधायुक्त बनाना है, ताकि आम लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें। कायाकल्प अभियान की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उक्त बातें कही।
इस दौरान उन्होंने कहा कि, अभियान के तहत चयनित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके लिए कार्यों में तेजी लाने, नियमित अनुश्रवण करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत है।
कायाकल्प अभियान की समीक्षा :
जिले में सरकारी संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित कायाकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समीक्षा की। सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित इस बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
कायाकल्प अभियान की विभागवार समीक्षा :
बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, समेकित बाल विकास सेवाएं, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कायाकल्प अभियान से जुड़ी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने योजनाओं की अद्यतन प्रगति, कार्यों की वर्तमान स्थिति तथा क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की। इसी क्रम में उन्होंने लंबित कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और उनकी प्रगति की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।
आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता करें सुनिश्चित :
समीक्षा के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत भवनों की मरम्मत एवं रंग-रोगन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
हासिल करें लक्ष्य :
जिलाधिकारी ने सभी विभागों के पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल करने को कहा।
उपस्थिति :
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीता सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।