भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर जिलाधिकारी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

कहा, सर्वांगीण विकासोन्मुख व सुरक्षित आत्मनिर्भर भारत की पृष्ठभूमि तैयार करने में पंडित नेहरू का योगदान चिर अविस्मरणीय
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। आजादी के बाद लूटे–पिटे भारत के नवनिर्माण की चुनौतीयों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के साथ–साथ सर्वांगीण विकासोन्मुख व सुरक्षित आत्मनिर्भर भारत की पृष्ठभूमि तैयार करने में देश के प्रथम प्रधान मंत्री भारत रत्न पंडित जवाहर लाल नेहरू का योगदान अतुलनीय व अविस्मरणीय है। इस क्रम में उन्होंने न सिर्फ मजबूत शैक्षणिक व चिकित्सकीय ढांचा का निर्माण किया, अपितु देश के औद्योगिकीकरण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के साथ–साथ कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जिससे हमारा देश एक संप्रभु राष्ट्र बन सका।
जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने शनिवार को पंडित नेहरू के जन्म दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उक्त बातें कही। इस क्रम में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रति उनके असीम स्नेह और लगाव के कारण ही उनकी जयंती को पूरे देश में ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि :
बताते चलें कि, देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती (बाल दिवस) के अवसर पर शनिवार दिनांक 14 नवंबर, 2026 को समाहरणालय परिसर, में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सह जिला समाहर्ता श्री रोशन कुशवाहा सहित तमाम पदाधिकारियों ने पंडित नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इन्होंने भी दी श्रद्धांजलि :
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, वरीय उप समाहर्ता अंजलि सहित समाहरणालय के कई पदाधिकारी एवं अन्य कर्मियों ने भी पंडित नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।