16 नवंबर से पहले चालू होगा नवनिर्मित एस्केलेटर,

स्टेशन के दोनों तरफ बनाए जा रहे सुविधाओं से युक्त होल्डिंग एरिया
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुजफ्फरपुर। छठ पर्व के बाद ट्रेनों में यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुजफ्फरपुर जंक्शन पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने शनिवार को स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा नवनिर्मित एस्केलेटर को 16 नवंबर से पहले चालू करने का निर्देश दिया।
भीड़ को नियंत्रण हेतु आवश्यक व्यवस्था:
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन के उत्तर और दक्षिण दोनों तरफ बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया का जायजा लिया। इसके अलावा गेट संख्या-1 के समीप भी अतिरिक्त होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को निर्धारित स्थल तक पहुंचने के लिए 50 मीटर से अधिक पैदल नहीं चलना पड़े। उन्होंने इन स्थलों पर यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
दिव्यांग यात्रियों का करें विशेष सहयोग :
होल्डिंग एरिया में पर्याप्त रोशनी, पेयजल, यूरिनल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, ट्रेनों में यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने के लिए कतारबद्ध बोर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति नहीं बने। दिव्यांग यात्रियों को ट्रेन तक पहुंचने और सवार होने में विशेष सहयोग देने का भी निर्देश दिया गया।
होल्डिंग एरिया में अतिरिक्त कैमरे :
सुरक्षा व्यवस्था के तहत होल्डिंग एरिया सहित भीड़भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई हो सके। स्वच्छता को लेकर रेलवे ने विशेष निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि, सभी टीओडी स्पेशल ट्रेनों को शौचालयों की समुचित सफाई के बाद ही रवाना करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा में न हो लापरवाही :
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक समस्तीपुर ज्योति प्रकाश मिश्रा, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवा), मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।