मधुमेह के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं नियमित उपचार के महत्व पर दी गयी विस्तृत जानकारी

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। मधुमेह विश्व स्तर पर तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। यह एक ऐसी दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें शरीर में इंसुलिन का पर्याप्त उत्पादन नहीं हो पाता अथवा शरीर इंसुलिन का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं कर पाता। इसके परिणामस्वरूप रक्त में शर्करा (ब्लड शुगर) का स्तर बढ़ जाता है।
विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आज दिनांक 14 नवंबर 2026 को मंडलीय रेलवे अस्पताल, समस्तीपुर में आयोजित व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने उक्त बातें कही। इस क्रम में उन्होंने कहा कि, समय रहते इसकी पहचान एवं समुचित उपचार नहीं होने या लापरवाही से यह हृदय, किडनी, आंखों तथा तंत्रिका तंत्र को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। इसके कारण हृदयाघात, स्ट्रोक, किडनी फेल्योर, दृष्टि संबंधी समस्याएं तथा पैरों में गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं।
स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में 89 रेलकर्मियों की हुई शुगर जांच :
बताते चलें कि, विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आज दिनांक 14 नवंबर 2026 को मंडलीय रेलवे अस्पताल, समस्तीपुर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 89 मरीजों एवं रेलकर्मियों की शुगर जांच की गई और आवश्यकतानुसार चिकित्सीय सलाह दिया। कार्यक्रम में अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में मरीजों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सिर्फ भारत में 2024 तक लगभग 8.98 करोड़ वयस्क मधुमेह से प्रभावित
इस दौरान चिकित्सकों ने उपस्थित मरीजों एवं अन्य लोगों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, संभावित जटिलताओं, रोकथाम तथा प्रभावी प्रबंधन के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की। जिसमें चिकित्सकों ने बताया कि,
विश्व एवं भारत में मधुमेह की वर्तमान स्थिति चिंतनीय है। अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह महासंघ द्वारा वर्ष 2025 में जारी 11वें डायबिटीज एटलस के अनुसार, वर्ष 2024 में विश्वभर में 20 से 79 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 58.9 करोड़ वयस्क मधुमेह से प्रभावित थे। वहीं भारत में लगभग 8.98 करोड़ वयस्क मधुमेह से प्रभावित थे। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जिन्हें अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं है। यह स्थिति नियमित स्वास्थ्य जांच एवं जन-जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित करती है।
मधुमेह से बचाव व नियंत्रण हेतु सुझाव :
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने मधुमेह से बचाव एवं नियंत्रण के लिए सुझाव देते हुए कहा कि,
1. संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें तथा अत्यधिक मीठे और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करें।
2. प्रतिदिन नियमित रूप से पैदल चलने, योग एवं व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करें।
3. शरीर का वजन नियंत्रित रखें तथा मोटापे से बचें।
4. समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराएं।
5. चिकित्सक की सलाह के अनुसार नियमित दवाओं का सेवन करें। बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा बंद न करें।
6. पर्याप्त नींद लें, तनाव, धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से दूर रहें।
7. मधुमेह से पीड़ित व्यक्ति नियमित रूप से अपनी आंखों, किडनी, पैरों एवं हृदय की स्वास्थ्य जांच भी कराते रहें।
इस दौरान चिकित्सकों ने विशेष रूप से कहा कि मधुमेह होने का अर्थ सामान्य जीवन का अंत नहीं है, बल्कि मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित निगरानी और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर इसके गंभीर दुष्परिणामों से काफी हद तक बचा जा सकता है।

उपस्थिति :
इस अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रभारी) डॉ. श्रीप्रकाश, सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति एस., सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र कुमार, डॉ. गौतम कुमार, डॉ. विनय कुमार, डॉ. अंकिता मीना एवं CMP सहित अन्य चिकित्सकों ने मधुमेह (डायबिटीज) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।