घरों से लेकर घाटों तक छठी मैया के भक्ति गीतों से गूंजने लगा माहौल

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। लोक आस्था, कठोर स्वच्छता, शुद्धता, पवित्रता, सख्त आत्मसंयम और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसी के साथ पूरे क्षेत्र में छठी मैया के प्रति भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बनने लगा है। पर्व को लेकर घरों में सुबह से ही विशेष चहल-पहल देखी गई।
छठ पूजा की तैयारियां शुरू :
इस दौरान व्रती महिलाओं ने स्नान कर भगवान सूर्य की आराधना की और पूरी पवित्रता एवं विधि-विधान के साथ छठ व्रत का संकल्प लिया। नहाय-खाय के अवसर पर व्रतियों ने अरवा चावल, मूंग की दाल और कद्दू का सात्विक प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत की। इसके साथ ही छठ पूजा की तैयारियां और प्रसाद बनाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
बाजार में छाई रौनक व गूंजने लगे छठी मैया के पारंपरिक गीत :
बाजारों में भी छठ पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। बांस से बने सूप, डाला, दउरा, नारियल, केला, सेब, ईख, अदरक, हल्दी, नींबू सहित विभिन्न प्रकार के मौसमी फलों एवं पूजन सामग्रियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। वहीं, घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं।
चार दिनों तक चलेगा कठिन अनुष्ठान :
छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला अत्यंत पवित्र और कठिन व्रत है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम में स्नान के बाद भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दिन शाम में श्रद्धालु सूप और दउरा में नारियल, केला, ईख, फल एवं अन्य पूजन सामग्री सजाकर नदी, तालाब और पोखरों के घाटों पर पहुंचेंगे। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना करेंगे। महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। सूर्योदय के समय व्रती जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे और छठी मैया से परिवार की मंगलकामना करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण होगा और महापर्व का समापन हो जाएगा।
सामाजिक सहकार, कठोर आस्था और अद्भुत सांस्कृतिक परम्परा का संगम है छठ :
छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, सामाजिक समरसता और पारिवारिक एकता का भी प्रतीक है। इस पर्व में स्वच्छता, शुद्धता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का विशेष महत्व है। इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। जिसमें व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर संपूर्ण सृष्टि को ऊर्जा प्रदान करने वाले सूर्यदेव के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। छठ पर्व में जाति, वर्ण, अमीर–गरीब, ऊंच–नीच आदि सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के सहयोग से सभी लोग पर्व मनाते हैं।