
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 ताजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर द एलिट सोसायटी ने आज “776 पेड़ वैभव के नाम” अभियान की औपचारिक शुरुआत की। यह अभियान, ताजपुर की धरती के लाल जिले के आन–बान–शान अपनी प्रतिभा से पूरे विश्व में समस्तीपुर का परचम लहराने वाले, सबसे कम उम्र में रिकॉर्ड बुक में तूफान मचाने वाले, नन्हें क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की हालिया उपलब्धि आईपीएल 2026 में बनाए गए धुंआधार 776 रन को समर्पित है।
252 के बाद 776 :
इस बाबत जानकारी देते हुए सोसायटी के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि, पिछले वर्ष जब वैभव ने आईपीएल 2025 में 252 रन बनाए थे, तब हमने ने 252 पेड़ लगाकर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया था। इसी कड़ी में इस वर्ष वैभव के 776 आईपीएल रनों को यादगार बनाते हुए हमने 776 पेड़ लगाने की योजना बनाई है।
25 वायु शोधक पौधे लगा कर किया शुभारंभ :
शुक्रवार को सोसाइटी के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार के विस्तारित आवासीय परिसर में आंवला, आम, लीची तथा अन्य 25 वायु शोधक पौधे लगा कर जिसका शुभारंभ किया गया। इस दौरान सोसायटी के सचिव विकास कुमार, महासचिव कुमार अनुशीलन, उपसचिव डॉ. आर.पी. सिंह, राकेश कुमार तथा अन्य सदस्यों ने भी अपने हाथों से पौधारोपण किया और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई।
आह्वान :
कार्यक्रम के संबंध में अध्यक्ष श्री जितेंद्र ने बताया कि 776 पेड़ लगाने का यह वृक्षारोपण अभियान जुलाई माह तक चलेगा। उन्होंने ताजपुर क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, जो भी व्यक्ति वैभव के नाम पर सम्मान के साथ एक पेड़ लगवाना चाहते हैं, वे सोसायटी से 9934478901 नंबर पर या किसी भी सदस्य से संपर्क कर पेड़ ले सकते हैं।
शर्त :
पेड़ लेने वाले व्यक्तियों के लिए शर्तें निम्नलिखित हैं:
– पेड़ लेने के बाद उसे स्वयं या अपनी नियुक्त टीम द्वारा लगाना अनिवार्य होगा।
–पेड़ लगाकर एक सेल्फी लेनी होगी और सोशल मीडिया पर हैशटैग #776पेड़ वैभव के नाम के साथ पोस्ट करना होगा।
पारिस्थितिकी और जीवन-स्तर में सुधार लाने का प्रयास :
श्री जितेंद्र ने कहा कि, यह पहल केवल खिलाड़ी की उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि स्थानीय पर्यावरण संवर्धन और हरित सामाजिक चेतना फैलाने का प्रयास है। सोसायटी आगे भी इस अभियान को बड़े पैमाने पर चलाकर ताजपुर के पारिस्थितिकी और जीवन-स्तर में सुधार लाने का प्रयास करती रहेगी।सोसायटी सोशल मीडिया और स्थानीय संपर्कों के माध्यम से इस मुहिम का प्रचार-प्रसार करेगी और समुदाय को सक्रिय रूप से जोड़ने के लिये नियमित प्रयत्नशील रहेगी।