
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ललन प्रसाद यादव।
बिथान । अब ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों की शादी के आयोजन के लिए स्थान की कमी नहीं होगी और लोग अत्यधिक खर्च से भी बच सकेंगे। बिहार सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य के सभी पंचायतों में विवाह मंडप निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में एक आधुनिक विवाह मंडप का निर्माण कराया जाएगा, जिससे विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजकुमार राय ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन सरकार महिलाओं के सामाजिक उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने इसे ष्बेटियों को सम्मान देने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णयष् करार दिया।
राज्य सरकार की मंजूरी के अनुसार, बिहार के सभी 8,053 पंचायतों में एक-एक विवाह मंडप का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक मंडप के निर्माण पर अनुमानित 50 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 4,026 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। पूर्व विधायक राय ने बताया कि यह योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए उपयोगी होगी, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक विवाह जैसी परंपराओं को भी मजबूती देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ संरचना खड़ी करना नहीं है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे समाज में समानता और गरिमा के साथ जीवन जीने की भावना को बल मिले।यह योजना न सिर्फ बेटियों के मान-सम्मान का प्रतीक बनेगी, बल्कि सामाजिक उत्थान और सशक्तिकरण की ओर एक ठोस कदम भी साबित होगी। अब ग्रामीण भारत की बेटियां भी अपने गांव में ही गरिमापूर्ण तरीके से विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को संपन्न कर सकेंगी।