
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । नगर क्षेत्र के शंभू पट्टी स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल में नये प्रधानाचार्य नील किरोश सिन्हां ने पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया। तदुपरांत शिक्षकों व अन्य कर्मियों से अलग-अलग बैठक कर जरूरी जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गर्व एवम् हर्ष का विषय है कि कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा में शत प्रतिशत सफलता न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि यह शिक्षकों की विशेषज्ञता, मार्गदर्शन कौशल तथा प्रधानाचार्य के नेतृत्व व निर्देशन कौशल का भी परिचायक है। इस सफलता में अभिभावकों के भरोसे और अप्रतिम सहयोग की भी महती भूमिका है।
बताते चलें कि इस वर्ष पोदार इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल किया है। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में कुल मिलाकर 134 छात्र शामिल हुए थे। जिसमें 25 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इनमें से दिव्य विनायक गुप्ता ने 98 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल टाॅपर बने।
वहीं प्रियल 96.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय, अक्षरा कश्यप 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय, कृष्णा स्वर्ण 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ चतुर्थ तथा लोकेश कुमार 94.8 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
प्रधानाचार्य श्री सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि हमारे शैक्षणिक स्तर, अनुशासन और सतत प्रयासों की परिचायक है। हम आशा करते हैं कि हम आगे भी इसी उत्तरोत्तर प्रगति करते रहेंगे और हमारे बच्चे इसी प्रकार विद्यालय, परिवार तथा देश का नाम रोशन करेंगे। मौके पर उप प्रधानाचार्य चंदन चैधरी, निधि कुमारी, मृत्युंजय झा, सुप्रिया कुमारी, अजय कुमार देवरी, सहित सभी शिक्षक व शिक्षेतर कर्मी मौजूद थे।