
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। स्वस्थ एवं स्वावलंबी समाज निर्माण केलिए प्रतिबद्धता पूर्वक समर्पित अंतर्राष्ट्रीय संस्थान रोटरी इंटरनेशनल की स्थानीय इकाई रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी ने एक और बच्चे के हृदय का ऑपरेशन कराने का निर्णय लिया है।
इस बाबत जानकारी देते हुए आरसी समस्तीपुर के प्रेसिडेंट डाॅ सीबी सिंह के हवाले से सेक्रेटरी रजनीश अग्रवाल ने बताया कि रोटेरियन अजीत पॉल के माध्यम से जानकारी मिली कि वारिसनगर प्रखंड के मोहिउद्दीनपुर निवासी काजल कुमारी व रजनीश कुमार के 9 माह का पुत्र रेयांश दिल में छेद होने कारण अस्वस्थ है।
जानकारी मिलते ही रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी के चिकित्सकों की टीम ने बच्चे के मेडिकल रिपोर्ट को अवलोकन कर बच्चे का प्राथमिक परीक्षण किया। तदुपरांत उस नन्हीं जान का ऑपरेशन कराने का निर्णय लिया गया।
बताते चलें कि आरसी समस्तीपुर हृदय में छिद्र सहित बच्चों के कई गंभीर रोगों का इलाज कराने केलिए संकल्पित व समर्पित है। इसके पुर्व भी रोटरी समस्तीपुर के माध्यम से कई बच्चों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कराया जा चुका है।
प्राथमिक परीक्षण में हृदय में छिद्र की पुष्टि होने के बाद ऑपरेशन की अनुशंसा करते हुए बच्चे का मेडिकल रिपोर्ट रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 को भेजा गया। जहां डीजी ने अपेक्षित पहल करते हुए बच्चे के वास्तविक जांच हेतु मेदांता हॉस्पिटल, पटना भेजा।
तदुपरान्त वास्तविक जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेदांता हॉस्पिटल, पटना की टीम ने बच्चे का ऑपरेशन करने का निर्णय लिया है। मेदांता हॉस्पिटल से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून 2025 को बच्चे के ऑपरेशन की तारीख सुनिश्चित की गई है।