
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पटना। वेब जर्नलिज्म के लिए डब्लूजेएआइ देश की सबसे बड़ी स्व नियामक इकाई है, जिसे भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निबंधन दिया है। हमारा मुख्य उद्देश्य वेब मीडिया को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाना है। वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक को संबोधित करते हुए डब्लूजेएआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य वेब मीडिया को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाना है और इस कड़ी में हमने कई ऐतिहासिक सफलता भी हासिल की है। हमारा लक्ष्य है कि हमारे सभी सदस्य स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देते हुए सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार समाज और देश के प्रति अपने जिम्मेदारी का प्रतिबद्धता पूर्वक निर्वहन करें।
बताते चलें कि शनिवार को वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक राजधानी पटना के एक होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डब्लूजेएआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने की जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव डॉ अमित रंजन ने किया। बैठक में पिछले राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के सभी एजेंडे की संपुष्टि के बाद कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय महासचिव डॉ अमित रंजन ने महासचिव के प्रतिवेदन के साथ WJAI की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के बारे में बताया। वहीं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के साथ वर्तमान वित्तीय वर्ष के आय व्यय की जानकारी दी।
बिहार इकाई और जिला इकाईयां भंग
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से WJAI की बिहार राज्य प्रदेश कमिटी के साथ ही सभी जिला कमिटी को भंग कर दिया गया। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि बिहार के सभी जिलों में सदस्यता अभियान चलाते हुए नई कमिटी का गठन शीघ्र किया जाये।
बिहार कमिटी एवं बिहार के जिलों में कमिटी निर्माण के लिए बिहार प्रभारी मधूप मणि पिक्कू के नेतृत्व में संयोजक, सह संयोजक और समन्वयक की नियुक्ति भी की गयी जो अपनी कार्य प्रगति से राष्ट्रीय कमिटी को अवगत करवाते रहेंगे।
इसी क्रम में बिहार के लिए मनोकामना सिंह को संयोजक, नमन मिश्रा को सह संयोजक और राजू नारायण पाठक को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ अन्य राज्यों की कमिटी से समन्वय स्थापित करने और अन्य वैसे राज्य जहां अभी तक कमेटी गठित नहीं की जा सकी है वहां कमेटी गठित करने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि दिसम्बर 2025 के अंतिम सप्ताह में WJAI का दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं दिल्ली प्रदेश इकाई द्वारा जुलाई-अगस्त में प्रस्तावित कार्यक्रम को राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा स्वीकृति दी गई। इसी क्रम में इस वर्ष राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव कराए जाने पर भी सहमति बनी, जिसकी घोषणा अगले बैठक के बाद की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव डॉ अमित रंजन ने कहा कि वेब मीडिया की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बने इसके लिए हमने कई कदम उठाए हैं और हमें खुशी है कि सरकार हमारी मांगों को स्वीकृति भी दे रही है।
उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि ऐसा कुछ भी ना करें जो नियमों के प्रतिकूल हो और पत्रकारिता की छवि को धूमिल करता हो। संगठन के सदस्यों के लिए डब्लूजेएआइ के डूज डांट्स और एमआईबी द्वारा समय-समय पर जारी गाईडलाईंस का पूर्णतया अनुपालन करने की अनिवार्यता जताई।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ लीना, राष्ट्रीय सचिव चंदन कुमार, राष्ट्रीय सचिव मधुप मणि पीकू, राष्ट्रीय सचिव विवेक कुमार यादव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव मिथिलेश मिश्रा, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव नलिनी भारद्वाज, राष्ट्रीय कार्यालय सचिव अकबर इमाम, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष मनोकामना सिंह, राष्ट्रीय सह कार्यालय सचिव राम बालक राय, राजू नारायण पाठक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार सिन्हा, गणपत आर्यन, आदित्य झा, बालकृष्ण, शुभम समेत कई सदस्य मौजूद थे।