
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उन्होंने जिले में वायु प्रदूषण के रोकथाम हेतु और प्रीवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पॉल्यूशन एक्ट 1981 के तहत दिए गए निर्देश का अनुपालन करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
इस दौरान उन्हेांने ईट-भट्टों, उद्योगों में सभी प्रदूषण नियंत्रण नियमों को सख्ती से लागू करने हेतु निर्देशित किया। जिसमें जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय को प्रत्येक दो दिनों के अंतराल पर भारी यातायात वाले सड़कों को चिन्हित कर इसकी सूचना संबंधित नगर निकाय को उपलब्ध कराने को निर्देशित किया। साथ ही संबंधित नगर निकाय को चिन्हित सड़कों पर मैकेनाईज्ड स्वीपिंग एवं कच्ची सड़कों पर जल छिड़काव करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को जब्त या भारी जुर्माना लगाकर परिचालन बंद करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने सभी नगर निकाय को डीजल चालित जनरेटर सेट का उपयोग बंद करने, होटल और खुले भोजनालय में कोयला, जलावन, लकड़ी का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया। मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता एवं सहित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।