
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा द्वारा समाहरणालय सभागार में कल्याण, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा तथा दिव्यांगजन कोषांग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने अंबेडकर समग्र सेवा की समीक्षा एवं प्रगति के विषय में जिला कल्याण पदाधिकारी से पृच्छा की तथा निर्देश दिया कि समग्र सेवा कैंप में प्राप्त विभिन्न आवेदनों का संबंधित विभाग के पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र निष्पादन कराना सुनिश्चित करेंगे।
इसके अतिरिक्त जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस को महिला पर्यवेक्षिका का रोस्टर यथाशीघ्र अनुमोदित करवाते हुए जितने भी लंबित भर्ती प्रक्रिया है उनको करने का निर्देश दिया। दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग अंतर्गत विभिन्न लाभूको को ट्राट साइकिल एवं मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरण की समीक्षा की गई तथा सभी पात्र लाभूको को वितरित करने हेतु सहायक निदेशक दिव्यांगजन को निर्देशित किया।
इसी प्रकार सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत विभिन्न पेंशन की समीक्षा की गई तथा सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ससमय पेंशन से आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त समस्तीपुर शैलजा पांडे, डीपीओ आईसीडीएस सुनीता कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री आकाश ,जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्रसून परिमल सहित सभी संबंधित पदाधिकारी गण मौजूद रहे।