
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 सरायरंजन। हमारा प्रथम लक्ष्य और अंतिम उद्देश्य पंचायत का समग्र और सर्वांगीण विकास है। इसमें बाल शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम इत्यादि सबसे बड़ी बाधा हैं। क्योंकि बच्चे की कल के समाज की नींव हैं।
ग्राम पंचायत राज किसनपुर युसूफ के पंचायत भवन में आयोजित विशेष ग्राम सभा की अध्यक्षता करते हुए मुखिया विभा शर्मा ने अपने संबोधन में उक्त बातें कही।उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण के बिना स्वस्थ एवं विकसित समाज की कल्पना भी व्यर्थ है।
इस ग्राम सभा के दौरान विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम 2025 और विबी जी राम जी योजना को लेकर चर्चा किया गया।
ग्राम सभा में महसूस किया गया कि पंचायत के विकास में बाल संरक्षण बेहद आवश्यक है। इस क्रम में बाल अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए बच्चों को बाल हिंसा, बाल विवाह और बाल श्रम से बचाव करना अति आवश्यक है।
बैठक में सर्व सम्मति से पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण और कल्याण समिति का गठन सशक्त और क्षमता वर्धन करने, सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल (SDG) के अनुरूप पंचायत विकास योजनाओं में बच्चों के सर्वांगीण विकास सुरक्षा और संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा इसके लिए बजट का प्रावधान करने, बाल हितैषी पंचायत बनाने के लिए सभी जरूरी और संवैधानिक पहल करने, बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने के लिए विभिन्न विभागों और जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के साथ मिलकर हर संभव प्रयास करने, बाल विवाह और बाल श्रम मुक्त पंचायत के लिए घोषणा करने का निर्णय लिया गया।
ग्राम सभा में कार्यपालक सहायक दिवेश कुमार, पंचायत सचिव कुंदन प्रसाद केशरी, पीआरएस सुबालाल, के साथ साथ वार्ड सदस्य पूनम देवी, बिरजू राय, मंतोष सिंह, कमलेश झा, गौतम पासवान के आलावे गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे। मौके पर जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र, अख्तियारपुर, समस्तीपुर के प्रतिनिधि किरण कुमारी, बलराम चौरसिया, ललिता कुमारी, पैरवी, नई दिल्ली के महिला बीड़ी श्रमिक संयोजक विभा कुमारी नें विचार व्यक्त किए। लोगों नें बीड़ी श्रमिकों के समस्या पर प्रकाश डाला।