
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 हाजीपुर। “ग्रामीण परिवेश में लैंगिक असमानता के बीच नारी सशक्तिकरण की बात छलावा से अधिक कुछ नहीं। इसे मिटा कर ही नारी सशक्तिकरण की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया जा सकता है।”
प्रशिक्षक अख़्तरी बेगम ने समाज में लैंगिक दृष्टिकोण में बदलाव के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए दो दिवसीय कार्यशाला की शुरुआत करते हुए मुख्य प्रशिक्षक अख्तरी बेगम ने उक्त बातें कही।
इस दौरान उन्होंने, परिवार और समाज में जेंडर की स्थिति, समझ तथा भेदभाव की स्थिति को समझना, मानवीय, शारीरिक, आर्थिक और भावनात्मक हिंसा को समझना तथा लैंगिक भेदभाव को दूर करने के लिए कार्य योजना का निर्माण पर विस्तृत रूप से चर्चा किया और लैंगिक समानता को नारी सशक्तिकरण केलिए महत्वपूर्ण बताया।
बताते चलें कि वैशाली जिले के हाजीपुर प्रखंड स्थित ग्राम पंचायत राज इस्माईलपुर आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 244 के प्रांगण में क्राई-चाइल्ड राइट्स एंड यू कोलकाता, तथा अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड हाजीपुर के सहयोग से जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र समस्तीपुर, के तत्वावधान में आंगनबाड़ी सेविकाओं, अभिभावकों तथा किशोरियों की उपस्थिति में लैंगिक दृष्टिकोण पर क्षमता निर्माण के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर स्वागत–सम्मान और उद्घाटन की औपचारिकता के बाद मुख्य अतिथि जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के सचिव, सुरेंद्र कुमार ने कहा कि “संस्था के माध्यम से समस्तीपुर के 28 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा हाजीपुर के 2 केंद्रों पर प्रारंभिक बाल विकास, पोषण, बच्चों के स्कूलों में ठहराव और स्कूल पूर्व शिक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है ताकि प्रत्येक बच्चे का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।”
इसके पूर्व विषय प्रवेश कराते हुए केंद्र के प्रारम्भिक बाल्यावस्था और देखभाल परियोजना के कार्यक्रम समन्वयक, राजीव रंजन ने कहा कि “आंगनबाड़ी केंद्रों पर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का बच्चों के भविष्य पर व्यापक प्रभाव डालता है। इस उम्र में पोषण तथा शिक्षा को सुनिश्चित कराने का प्रयास आंगनबाड़ी केंद्र पर संचालित कार्यक्रमो के द्वारा किया जाता है। इसलिए आंगनबाड़ी के सशक्तिकरण के लिए जेजेबीविके के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है ताकि समुदाय तथा आंगनबाड़ी केंद्र के बीच समन्वय का निर्माण किया जा सके।”
इस कार्यशाला में किशोरियों, अभिभावकों तथा इस्माईलपुर पंचायत की 10 सेविकाओं के अलावा एक्सेस टू जस्टिस परियोजना की कार्यक्रम समन्वयक दिप्ती कुमारी, पैरवी, नई दिल्ली की फैसिलिटेटर विभा कुमारी, जेजेबीवीके के कार्यकारिणी सदस्य रामप्रित चौरसिया, ललिता कुमारी, परियोजना समन्वयक रवि कुमार मिश्रा, लेखापाल पप्पु यादव, युवा नेत्री अफसाना खातुन, सना प्रवीण ने भी संबोधित किया।