
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के मोहनपुर स्थित होली मिशन हाई स्कूल परिसर शनिवार को देश भक्ति के रंग में डूबा रहा। अवसर था कारगिल विजय दिवस का। इस उपलक्ष्य में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमो से समां बांध दिया।
सैनिकों के शौर्य और पराक्रम की प्रस्तुति :
इस क्रम में उन्होंने सर्वप्रथम भारतीय सैनिकों और कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात बच्चों ने कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरणादायी एकांकी का मंचन किया। वहीं प्री-प्राइमरी के नन्हे–मुन्ने बच्चों ने सैनिक गणवेश में अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम की प्रस्तुति से सबको सम्मोहित कर दिया।
उद्घाटन :
वर्ग 4 के छात्र प्रत्युष राज ने अपने ओजपूर्ण संक्षिप्त अभिव्यक्ति से सैनिकों के देश के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और अवर्णनीय त्याग पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पहले सैनिक गणवेश में उपस्थित बच्चों ने भारत माता को सलामी देकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। वर्ग चार की छात्रा आस्था भारत माता बनी थी।
अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक :
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्यालय के प्राचार्य अमृत रंजन ने कहा कि “कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का उत्सव नहीं है, बल्कि यह भारत की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका :
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ० धर्मांश रंजन ने अपने संबोधन में बताया कि भारतीय सेना कठिन परिस्थितियों में अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए ‘ऑपरेशन विजय’ को सफल बनाया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वीर सैनिकों के त्याग, समर्पण और अनुशासन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।
प्रशंसा और आभार :
कार्यक्रम के समापन में प्राचार्य गंगाधर झा ने सभी प्रतिभागियों को उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए धन्यवाद देते हुए उनके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम की संयोजिका प्रिया सहित सभी शिक्षक/शिक्षिकाओं के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
उपस्थिति :
मौके पर विद्यालय के उपनिदेशक आकर्ष रंजन, पूर्व प्राचार्य डॉ एसके अहमद आदि के साथ विद्यालय के सभी शिक्षक/शिक्षिकाएँ उपस्थित थे।