
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 ताजपुर। भाकपा माले एवं खेग्रामस द्वारा रविवार को ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-27 स्थित चकमोतीपुर ब्रह्मस्थान के पास दलित-गरीब जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रमाण-पत्रों, संबंधित विभागों तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी दी गई।
आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान :
इस अवसर पर अपने संबोधन में नेताओं ने वासभूमि, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने, पहुंच पथ निर्माण, बंद राशन कार्ड चालू करने तथा राशन कार्ड रद्द करने पर रोक लगाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड-अंचल घेराव आंदोलन में बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने और आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
जानकारी के अभाव में सुविधा से हैं वंचित :
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, “सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में गरीब, दलित एवं वंचित परिवार उनके लाभ से वंचित रह जाते हैं। जानकारी के अभाव में बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण आधारकार्ड नहीं बना और आधारकार्ड नहीं बनने के कारण स्कूल में नामांकन से बच्चे वंचित रह गये। बड़ी संख्या में उन्होंने वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बनवा पाने के कारण पेंशन से वंचित हैं।
सुधार के उपाय की दी जानकारी :
आधारकार्ड, मतदाता सूची, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, राशनकार्ड आदि नहीं बनने या इसमें त्रृटी रहने के कारण कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहने की चर्चा करते हुए उन्होंने इसमें सुधार के उपाय की जानकारी दी एवं स्वयं उपस्थित रहकर सुधार करवाने का वादा किया।
अधिकारों के प्रति किया जागरूक :
उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर खेग्रामस का सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें करीब 100 लोगों ने सदस्यता ग्रहण की।
उपस्थिति :
कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, किसान नेता ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, ललन दास सहित अन्य नेताओं ने किया। सभा में बड़ी संख्या में दलित-गरीब, किसान, मजदूर एवं ग्रामीण उपस्थित थे।