
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 बिथान। सिविल सर्जन समस्तीपुर डॉ. राजीव कुमार ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिथान का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। सीएस के आने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, टीवी (क्षय रोग) कार्यक्रम की प्रगति, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
दिए निर्देश :
इस दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल परिसर, ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, पंजीकरण काउंटर तथा अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का अवलोकन किया। साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं तथा सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मानक के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं कराएं उपलब्ध :
साथ ही अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा सरकारी मानकों के अनुरूप सभी स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराएं।
आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण :
उन्होंने क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मरीजों की नियमित जांच, उपचार और फॉलोअप पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके अलावा दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने देने की बात कही।
उपस्थिति :
मौके पर प्रभारी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमुद कुमार सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।