
ओईनी न्यूज नेटवर्क
ओईनी। मदरसा और उर्दू स्कूलों का निरीक्षण करने के क्रम में वैनी थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर बघौनी मदरसों व उर्दू स्कूलों के शिक्षकों व छात्रों से मिलने के बाद केंद्रीय मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षा के चेयरमैन सह राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ओईनी पहुंचे। जहां सर्वप्रथम मिथिला की परंपरा के अनुसार संवाददाता ओईनी न्यूज नेटवर्क के संस्थापक डाॅ संजय कुमार राजा ने उनका माला, पाग, शाॅल एवं पुष्प गुच्छ से अभिनंदन किया।
उसके बाद आरंभ बातचीत में मिथिला के प्रसिद्ध व महाप्रतापी राजवंश ओईनवार वंश की राजधानी ओईनी एवं अनेक कालजयी गीतों के रचयिता मैथिल कोकिल महाकवि विद्यापति के इस धरती से संबंध के बारे में जाना और अफसोस जताते हुए कहा कि इतने ऐतिहासिक महत्व की धरती को उसका वाजिब प्रचार-प्रसार व संरक्षण नहीं मिलना खेद जनक है।
बातचीत के क्रम में उन्होंने मदरसा बोर्ड व सरकार की नीति, आदि पर भी विस्तार से बातें की। संवाददाता के साथ इस निजी मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व व निर्देशन में मदरसों को मजबूत किया जा रहा है। जिन मदरसों व उर्दू स्कूलों में बच्चे कम हैं, या शिक्षक नहीं हैं या वहां भवन नहीं हैं ऐसे मदरसों व उर्दू स्कूलों को मर्ज करने की योजना है। मगर किसी मदरसा या स्कूल को बंद करने की कोई योजना नहीं है। ऐसे किसी अफवाह से बचने की सलाह देते हुए मो सिद्दिकी ने कहा कि अल्पसंख्यक मतदाताओं को गोलबंद करने केलिए यह विरोधियों की साजिश है।
उन्होंने कहा कि सरकार मदरसा, उर्दू स्कूलों व अन्य अल्पसंख्यक संस्थानों को समय समय पर नियमित रूप से वेतनादि विभिन्न मदों में समान्य स्कूलो की तर्ज पर राशि जिलो को भेजती है। मगर दुर्भाग्य है कि उनका सदुपयोग नहीं हो पा रहा है और अफवाह फैला दिया जाता है कि सरकार अकलियतों के हित में कुछ सोचती ही नहीं। मो सिद्दिकी संवाददाता के एक सवाल के जवाब में कहा कि सिर्फ अल्पसंख्यक या अकलियत होने की बिना पर शोषण और अन्याय को सही नहीं ठहराया जा सकता। पीडित किसी समुदाय का हो दोषी के विरूद्ध कार्रवाई होगी।