
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “अगले 5 दिनों में मौसम के तेवर में नरमी आने के आसार हैं क्योंकि, इस दौरान 1 से 3 जुलाई के दरम्यान उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वर्षा के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट के बावजूद, पुरवा हवा के कारण उमस का दौर जारी रह सकता है।”
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी 1 जुलाई से 5 जुलाई, 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि–
एक दो स्थानों पर भारी वर्षा :
पूर्वानुमान अवधि के दौरान उत्तर बिहार के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक, वज्रपात तथा तेज हवा चलने की संभावना है। विशेष रूप से 1-3 जून के दौरान अधिकांश क्षेत्र में मध्यम वर्षा हो सकती है, इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा का भी अनुमान है।
तापमान :
वर्षा के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आने का अनुमान है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 31⁰ से -33° सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 22⁰ से 26° सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि इस अवधि में बेगूसराय जिले में अधिकतम तापमान अपेक्षाकृत अधिक होकर 35⁰ से 37°C तक पहुँच सकता है।
हवा की रफ्तार, दिशा और आर्द्रता :
पूर्वानुमान अवधि में मुख्य रूप से 12-18 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा चल सकती है। सुबह में सापेक्ष आर्द्रता 80-85 प्रतिशत तथा दोपहर की सापेक्ष आर्द्रता 35-40 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है।
कर सकते हैं धान रोपाई की तैयारी :
मौसम विशेषज्ञों ने वर्षा के दौरान लोगों को खास कर किसान भाइयों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कहा है कि, “माध्यम वर्षा की संभावना के मद्देनजर किसान भाई धान रोपने की तैयारी कर सकते हैं ।”