
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। मानसून की सक्रियता के कारण अगले 5 दिनों में मौसम का मिजाज नर्म रहने की संभावना है। इस संदर्भ में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार,
कहां कितनी वर्षा :
18 से 22 जुलाई के बीच उत्तर बिहार के कई जिलों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस क्रम में समस्तीपुर, बेगूसराय, वैशाली, सारण, सीवान, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में 19 और 20 जुलाई के आसपास मेघगर्जन, वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। शेष अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
तापमान और हवा :
केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस अवधि में दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
मौसम अनुकूल सलाह :
मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह देते हुए कहा है कि, संभावित वर्षा का लाभ उठाते हुए धान की रोपाई में तेजी लाएं। रोपाई से पहले प्रति हेक्टेयर 25-30 किलोग्राम नाइट्रोजन, 40 किलोग्राम फॉस्फोरस, 30 किलोग्राम पोटाश और 26 किलोग्राम जिंक सल्फेट का प्रयोग करें। साथ ही निचली जमीन के चारों ओर मजबूत मेड़ बनाकर वर्षा जल का संचयन करने की भी सलाह दी गई है।
सुझाव व अपील :
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मिलेट, सूरजमुखी, आम और केले की खेती के लिए भी मौसम अनुकूल बताते हुए अनुशंसित किस्मों एवं उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी है। इसके अलावा फसलों में कीट एवं रोग की नियमित निगरानी, दुधारू पशुओं को संतुलित आहार, स्वच्छ चारा और पेयजल तथा समय पर टीकाकरण की अपील की गई है।