
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। 131-कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित भाकपा- माले प्रत्याशी काॅ रंजीत कुमार राम ने चुनावी परिणामों के बाद जनता के प्रति आभार व्यक्त करने और जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय बने रहने के संकल्प के साथ मंगलवार को पूसा प्रखंड में दो दिवसीय जनसंवाद एवं जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान सबसे पहले उन्हेांने जिले के पूसा प्रखंड के ओईनी बाजार स्थित शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण व क्रान्तिकारी लाल सलाम अर्पित की।
इस अवसर पर माले नेता काॅ राम ने कहा कि शहीदों के सपनों और जनसंघर्षों का रास्ता चुनावी जीत-हार से बड़ा होता है। हम 79576 मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने संघर्ष की राह पर हमें स्नेह व सहयोग दिया। उनके प्रति हम कृतज्ञ हैं।
उन्हेांने आश्वासन देते हुए कहा कि हम जनता के सवालों, अधिकारों और सम्मान की लड़ाई पहले से अधिक मजबूती के साथ लड़ना जारी रखेंगे।
माल्यार्पण के बाद काॅ राम के साथ कार्यकर्ताओं का जत्था वैनी पंचायत, बथुआ, कुबौलीराम और धोबगामा में लोगों से मिलकर जनसंवाद एवं जनसंपर्क किया गया। अभियान का नेतृत्व भाकपा- माले प्रखंड सचिव काॅ अमित कुमार ने किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह काॅ राम का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया और रोजगार, सड़क, शिक्षा, खेती-किसानी, खाद की किल्लत, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे साझा किए।
इस अवसर पर अपने संबोधन में भाकपा- माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि चुनावी परिणाम चाहे जैसे हों, भाकपा-माले की राजनीति जनता के जीवन और संघर्षों से संचालित होती है। इसीलिए पूरे कल्याणपुर विधानसभा में क्रमवार जनसंवाद यात्राएँ आयोजित की जाएंगी, ताकि जनता की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा जा सके और उनके समाधान के लिए भविष्य की आंदोलनात्मक योजनाएं तैयार की जा सकें।
मौके पर मो. आले. मो. ओसेद, मो. अनवर, अरूण कुमार साह, रूबी देवी, सुनिता देवी, अमृता देवी, दिनेश कुमार सिंह, सहित सैकडों लोग मौजूद थे।