
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा, समस्तीपुर तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी अगले 5 दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 4 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।हालांकि 5 से 7 जुलाई के दौरान उत्तर बिहार के कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात, तेज हवा चलने तथा कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
तापमान :
पूर्वानुमान के अनुसार पूरे सप्ताह आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम में उमस बनी रहने की भी संभावना है।
आर्द्रता, हवा की दिशा और रफ्तार :
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 75 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 35 से 40 प्रतिशत के आसपास रह सकती है। वहीं पूर्वी दिशा से 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
सलाह :
विशेषज्ञों ने किसानों से मौसम को देखते हुए खेतों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। जिन क्षेत्रों में हल्की वर्षा की संभावना है, वहां किसान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर कृषि कार्य करें। गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें। पशुपालकों को भी खराब मौसम के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
पूर्वानुमानों पर लगातार नजर बनाए रखने की आवश्यकता :
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं, इसलिए किसानों को उपलब्ध नमी का संरक्षण करने, सिंचाई की आवश्यकता वाले खेतों में समय पर सिंचाई करने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी अद्यतन पूर्वानुमानों पर लगातार नजर बनाए रखने की आवश्यकता है।