
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। आगामी 6 नवंबर को प्रस्तावित बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को रचनात्मक स्वरूप देते हुए बुधवार को समाहरणालय सभागार में स्वीप लोगो का अनावरण किया गया।
यह अनावरण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के दिशा-निर्देशन में किया गया। स्वीप आइकॉन कुंदन कुमार रॉय द्वारा तैयार यह विशेष लोगो पारंपरिक मधुबनी चित्रकला शैली में निर्मित है, जो बिहार की सांस्कृतिक पहचान के साथ मतदाता जागरूकता का सशक्त संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप नोडल पदाधिकारी सह एनडीसी रजनीश कुमार राय, डीपीओ आईसीडीएस सुनीता कुमारी, और सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सोनाली सहित संबंधित पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से लोगो का अनावरण किया।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि यह लोगो मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति आकर्षित और प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का प्रतीक और सबसे बड़ा राष्ट्रीय महोत्सव है। उन्होंने कहा कि इस लोगो को जन-जागरूकता सामग्री यथा, प्रचार वाहनों, पोस्टरों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान के लिए प्रेरित हों।
मिथिला कला के माध्यम से तैयार यह अनूठा लोगो जिले की सृजनात्मक सोच और लोकतंत्र के प्रति गहरी निष्ठा का प्रतीक बन गया है। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 6 नवंबर को अवश्य मतदान करें और अपने मत से लोकतंत्र को और सशक्त बनाएं।