
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। नशा समाज की एक ज्वलंत समकालीन समस्या है। इससे मुक्ति के लिए विभिन्न उपायों में पारिवारिक जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है।
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो (डॉ.) संजय कुमार ने विश्वविद्यालय में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उक्त बातें कही।
कुलपति ने दिए सुझाव :
इस दौरान उन्होंने नशा मुक्ति के लिए सरकार के द्वारा किए गए प्रयासों के अलावा अनेक सुझाव दिये जिनमें- स्वजागरूकता, माता-पिता का बच्चों के प्रति लगाव एवं मार्गदर्शन, भारतीय ज्ञान परंपरा, मोबाइल की लत से छुटकारा, युवाओं द्वारा कम्युनिटी मोबिलाइजेशन इत्यादि शामिल हैं।
प्रतियोगिता के माध्यम से पांच छात्र एवं पांच छात्रा चयनित :
बताते चलें कि, राज्यपाल सचिवालय, बिहार लोक भवन, पटना के निदेशानुसार, नशे के विरुद्ध जागरुकता हेतु बिहार लोक भवन में “बचपन को बहाल करना : नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकना और देखभाल और सुरक्षा की ज़रूरत वाले बच्चों का पुनर्एकीकरण” विषय पर एक सेमिनार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस सेमिनार हेतु निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से पांच छात्र एवं पांच छात्राओं का चयन किया गया।
निबंध प्रतियोगिता का आयोजन :
इस बाबत जानकारी देते हुए कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना, मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर द्वारा सोमवार को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन मीडिया रूम एवं सिंडिकेट हाॅल में किया गया। 20 अंक के इस निबंध प्रतियोगिता की शब्द सीमा 500 रखा गया था। निबंध हिंदी या अंग्रेजी माध्यम में लिखा जाना था।
विभिन्न महाविद्यालयों से दस प्रतिभागी चयनित :
इस विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता के निर्णायक मंडली में मूल्यांकनकर्ता के रूप में डॉ कृपाशंकर पांडे, डॉ अवनीश चंद्र पांडे और डॉ प्रियंरंजन तिवारी थे। इस प्रतियोगिता के 10 विजेता राज्य स्तरीय नशे के विरुद्ध जागरूकता पर सेमिनार में प्रतिभाग करेंगे। चयनित प्रतिभागियों में,
1. प्रीतम-आरडी एंड डीजे कॉलेज मुंगेर
2. हिमांशु पांडे-केकेएम कॉलेज जमुई
3. अभिषेक आलोक- एसकेआर कॉलेज, बरबीघा
4. अंशु कुमार कश्यप – कोशी कॉलेज खगड़िया
5. सौरभ कुमार गौरव- केकेएम कॉलेज, जमुई
6. शिल्पी-कोशी कॉलेज, खगड़िया
7. आस्था -जेआरएस कॉलेज, जमालपुर
8. निशा कुमारी-आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर
9. प्रीति कुमारी – आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर
10. तकरीम खुर्शीद-बीआरएम कॉलेज, मुंगेर शामिल हैं।
नशे के विरुद्ध जागरूकता हेतु मुंगेर विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसडर :
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ घनश्याम राय ने कहा कि, “निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता हेतु बिहार लोक भवन द्वारा आयोजित सेमिनार के लिए प्रतिभावान छात्रों का चयन किया गया है। चयनित छात्र एवं छात्रा नशे के विरुद्ध जागरूकता हेतु मुंगेर विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करेंगे।”
डीएसडब्ल्यू ने कहा :
इस अवसर पर मुंगेर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो डॉ महेश्वर मिश्रा ने कहा कि, एनएसएस विविध तरह की गतिविधियों का आयोजन कर स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व के विकास के लिए प्रयासरत है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इनकी रही भूमिका अहम :
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवक मो. रेहान, ओम सिंह, सुजल, मिथुन कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ संजीव कुमार एनएसएस कार्यालय कर्मी सौरव शांडिल्य, सुमन कुमार आदि की अहम भूमिका रही।