
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। रोटी बैंक और टीम शहनाई जैसी सामाजिक संस्थायें हों तो न कोई भूखा सोए न किसी मां के अरमान अधूरे रहें। समाज सेवा के क्षेत्र में नित अभिनव और नवाचारी प्रयोगों समाजसेवा करने वाली युवा जोश से ओतप्रोत ये दोनों संस्थाएं जिले में मानवता की नई मिसाल पेश कर रही हैं।
समाज में प्रेरणास्त्रोत :
इन में से रोटी बैंक से जुड़े लोग एक तरफ असहाय और भूखे लोगों को नियमित रूप से भोजन मुहैया कराने में लगे हैं, वहीं शहनाई टीम से जुड़े युवा जरूरतमंद और असहाय बेटियों की शादी कराने की जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर समाज में प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं।
लंबे समय से समाजसेवा में जुटी संस्थाएं :
ठंड में कंबल व गर्म कपड़ों का वितरण हो या छठ पूजा सामग्री वितरण, या फिर बाढ़ पीड़ितों की सहायता टीम शहनाई के युवा अपने व्यक्तिगत या जेब खर्च से करते दिख जाते हैं। कुल मिलाकर जिले में असहाय लोगों की मदद के लिए दोनों संस्थाएं लंबे समय से निरंतर सक्रिय हैं।
इसी क्रम में बीती रात रोटी बैंक और टीम शहनाई से जुड़े युवाओं ने समस्तीपुर स्टेशन परिसर में घूम-घूमकर सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया।
कोई न सोए भूखा शहर में :
इस संदर्भ में रोटी बैंक के राकेश कुमार ने बताया कि संस्था के माध्यम से सालों भर जरूरतमंदों को भोजन कराया जाता है। भोजन ग्रहण करने वालों में बड़ी संख्या में दिव्यांग और बुजुर्ग शामिल होते हैं। उनका उद्देश्य है कि कोई भी शहर में व्यक्ति भूखा न सोए।
एक मात्र साध्य – नि:स्वार्थ सेवा :
वहीं टीम शहनाई के डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि न कोई सरकारी सहयोग न किसी राजनेता का सहयोग, न चंदा न किसी पर दबाव, उनकी टीम अपने निजी स्तर से एक लक्ष्य, एक ही साध्य निस्वार्थ समाजसेवा में लगी रहती है।
शादी का 70 फीसद तक खर्च वहन करती टीम शहनाई :
डॉ. मिश्रा ने कहा कि, हर मां की एक ही इच्छा होती है, “बेटी की अच्छे घर में शादी”। हमारी टीम सबसे पहले ऐसे परिवारों को चिन्हित करती है जो बेटियों की शादी का पूरा खर्च उठाने में असमर्थ होते हैं। उन्होंने बताया कि, टीम शहनाई शादी में होने वाले कुल खर्च का लगभग 50 से 70 प्रतिशत तक खर्च वहन करती है।
जिसमें बारात के भोजन के अलावा कपड़े, फर्नीचर, सोने-चांदी के गहने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित अन्य आवश्यक सामान का उपहार के खर्च शामिल हैं।
कई युवा शामिल :
इस पुनीत कार्य में राकेश, अर्जुन, राणा, नितेश, दीपक सिंह, चंदन कश्यप, रवि, कमलेश, सचिन, नविन, आतिश, सोनु, विक्की, चंदन, अरविंद, शाहिल, अल्ताफ सहित युवा सक्रिय रूप से जुड़े हैं।