पूसा के विद्यापति सभागार में लोकतंत्र के नायकों को मिला सम्मान

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। लोकतंत्र की सफलता उसके कर्मठ और निष्पक्ष कर्मियों व पदाधिकारियों की प्रतिबद्धता और समर्पण पर टिकी होती है। समस्तीपुर ने हालिया संपन्न निर्वाचन में उत्कृष्ट कार्य का उदाहरण प्रस्तुत कर इस सिद्धांत को सही साबित किया है।
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने शनिवार को जिले के पूसा स्थित विद्यापति सभागार में आयोजित बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह की अध्यक्षता करते हुए उक्त बातें कही।
उन्होंनें कहा कि “चुनाव जैसी संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करना पूरे प्रशासनिक तंत्र की टीम भावना, पारदर्शिता और समर्पण का परिणाम है।
बताते चलें कि जिला प्रशासन समस्तीपुर के तत्वावधान में शनिवार को राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित विद्यापति सभागार में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सबसे पहले मंत्रोच्चार के बीच जिलाधिकारी श्री कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, डीडीसी शैलजा पांडेय, एडीएम राजस्व ब्रजेश कुमार, एडीएम आपदा राजेश कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार तथा एनडीसी रजनीश कुमार राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर समारोह की शुरुआत की।
इसके साथ ही सभागार में उपस्थित सभी वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
बैठक में डीएम श्री कुशवाहा ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी निर्वाची पदाधिकारियों, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों, सभी नोडल अधिकारी, सभी कोषांग प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित कर्मियों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर डीएम ने निर्वाचन कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी 292 कर्मियों को लोकतंत्र का नायक करार देते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और कहा कि यह सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति आपकी निष्ठा का प्रतीक है।
कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने संभाली, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को अनुशासित व प्रभावी ढंग से संचालित किया। समारोह में मौजूद सभी अधिकारियों ने जिले के कर्मियों की टीम भावना और उत्कृष्ट समन्वय की सराहना करते हुए आगामी चुनावों में और बेहतर कार्य करने केलिए प्रेरित किया।
इस दौरान सम्मान पा कर अभिभूत कर्मियों ने कहा कि इस तरह का कार्यक्रम उनके कार्य के प्रति उत्साह को बढ़ाता है और भविष्य में और बेहतर योगदान देने की प्रेरणा देता है।
मौके पर नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, एएसपी संजय कुमार पांडे, एसडीओ सदर दिलीप कुमार, एसडीओ पटोरी, एसडीओ रोसड़ा, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सहित विभिन्न विभाग के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।