
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
रत्न शंकर भारद्वाज।
Oini 24 विद्यापतिनगर । जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने तेरहवें विद्यापति राजकीय महोत्सव की तैयारी एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु विद्यापतिधाम में कार्यक्रम स्थल एवं मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को मंच की मजबूती, कार्यक्रम स्थल, कला मंच के सामने लोगों के बैठने की जगह एवं मंदिर परिसर से लेकर मुख्य द्वार तक साफ सफाई हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस क्रम में उन्होंने सभी अधिकारियों को अविलंब तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया और कहा कि, “इसमें किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।” निरीक्षण के दौरान डीएम ने महोत्सव के कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की।
समारोह को लेकर सारी तैयारियां पूरी :
पूछे जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी दलसिंहसराय ने बताया कि, “आयोजन से संबंधित सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई है। सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मानित एवं गणमान्य लोगों को आमंत्रण भेजा जा चुका है। सम्मेलन में आने वाले कलाकारों व मेहमानों की सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। साथ ही महोत्सव के उद्घाटनकर्ता, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के लिए आवासन की व्यवस्था, मंच पंडाल, साउंड सिस्टम, पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था हेतु कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति इत्यादि से संबंधित तैयारियां भी पूरी कर ली गई है।”
ट्रेनों के ठहराव सहित श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिए गए निर्देश :
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बताया कि, “महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर जिला और अनुमंडल स्तर पर कई बैठकें हो चुकी है। महोत्सव और विद्यापतिधाम उगना-महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर, एरिया डेवलपमेंट, पार्क निर्माण, फेबर ब्लॉक, आपात स्थिति हेतु वैकल्पिक मार्ग, आदि के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन के डेवलपमेंट आदि पर चर्चा की गई है।”
कई पदाधिकारी थे मौजूद :
मौके पर एसडीओ किशन कुमार, ईओ अभिसार कुमार, आरओ अरुण कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष सूरज कुमार, रत्न शंकर भारद्वाज, गणेश गिरि कवि, कैलाश पासवान, चतुरानंद गिरि, रंजीत कुमार सिंह टुनटुन, हरिओम गिरि, सतीश गिरि, नवल गिरि, धर्मराज सिंह, नवीन गिरि, प्रवीण गिरि, संजय ठाकुर, जोखन राय, दीनदयाल गिरि आदि मौजूद थे।