
ओइनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क समस्तीपुर । नहीं हो कोई मजबूरी मतदान है जरूरी। दिव्यांगजन व छात्र-छात्रायें मंगलवार को साईकिल रैली निकाल कर शहर वासियों को कुछ ऐसा ही संदेश देते नजर आये।
बताते चलें कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा के निर्देशानुसार जिला स्तरीय स्वीप प्लान के अंतर्गत मंगलवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सौजन्य से दिव्यांगजन प्रभात फेरी व दिव्यांगजन साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
एनडीसी सह डीपीआरओ रजनीश कुमार राय और सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन पदाधिकारी सोनाली ने इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली समाहरणालय परिसर से सुबह 8 बजे निकली और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पटेल गोलंबर के रास्ते बीआरबी कॉलेज तक गई तथा पुनः पटेल मैदान में आ कर सम्पन्न हुई। जिसमें जिला भर से लगभग 45 दिव्यांगजन और जीविका की ओर से कई साइकिल सवार स्कूली छात्राएं रैली में शामिल हुए।
इस बाबत जानकारी देते हुए एनडीसी सह डीपीआरओ श्री राय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल स्वच्छता और मतदाता जागरूकता फैलाना था, बल्कि दिव्यांगजन और अन्य समुदायों के सामाजिक समावेशन को भी बढ़ावा देना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने मतदाता होने के अधिकार, चुनाव में सक्रिय भागीदारी और समाज में दिव्यांगजनों की भूमिका पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज में समरसता और जिम्मेदार नागरिक निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए साइकिल सवार दिव्यांगजन, जीविका दीदी एवं स्कूली छात्राएं मौजूद थी।