
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। अगले दो — तीन दिनों तक ठंड व कनकनी से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे। सुबह के समय घने कोहरे और ठंड का प्रकोप जारी रह सकता है। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ आवागमन पर भी असर पड़ने की आशंका है।
इस बाबत डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित ग्रामीण मौसम सेवा और जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार जिले में आज अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।

सुबह 7 बजे सापेक्ष आर्द्रता 99 प्रतिशत और दोपहर 2 बजे 80 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई, जिससे कोहरे की स्थिति और अधिक घनी बनी रही।इस दौरान 6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली पछुआ हवा के कारण कनकनी और ठंड बढ़ी है।
इस संदर्भ में मौसम वैज्ञानिक डॉ अब्दुल सत्तार ने बताया है कि आने वाले दिनों में तापमान में रिकार्ड गिरावट के साथ कोहरे और ठंड में बढ़ोत्तरी की संभावना है। बीते 24 घंटों में जिले में किसी प्रकार की वर्षा नहीं हुई है। वाष्पोत्सर्जन मात्र 1.0 मिलीमीटर दर्ज किया गया, जो ठंडे मौसम की पुष्टि करता है।
मौसम वैज्ञानिकों ने वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं किसानों को फसलों पर ठंड और कोहरे के प्रभाव को देखते हुए आवश्यक कृषि सलाह अपनाने और आमजनों से पर्याप्त सावधानी बरतने का सुझाव दिया है।