
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क विद्यापतिनगर । प्रखंड स्थित विद्यापतिधाम में श्री रामजानकी मंदिर में मंगलवार को श्रीराम जानकी विवाह उत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया।
इस अवसर पर मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। विवाह उत्सव के दौरान मंदिर में पूरे दिन मंगलमय वातावरण रहा। सबसे पहले श्रीराम दरबार का आकर्षक नयनाभिराम शृंगार किया गया।
प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी को विशिष्ट रजत गहने धारण कराए गए, जिसने भक्तों का मन मोह लिया। महिलाओं ने पारंपरिक शादी के गीत गाकर उत्सव में चार चांद लगा दिए। भक्तों ने प्रत्यक्ष वस्त्र, सुहाग का सामान, नैवेद्य और यथाशक्ति द्रव्य अर्पित कर युगल का पूजन किया।
विवाह की परंपराओं का निर्वहन करते हुए पंडित शम्भू झा के सान्निध्य में मंगलाष्टक गान किया गया। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच युगल स्वरूप श्रीराम जानकी को पुष्प हार पहनाए। इस दौरान भक्तों ने पुष्पों की वर्षा करते हुए युगल की स्तुति की।
आयोजन के अंत में नुक्ती और लड्डू का प्रसाद अर्पण कर आरती की गई और भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर पूर्व मुखिया गणेश गिरि कवि, चतुरानंद गिरि, दिनदयाल गिरि सहित बड़ी संख्या में अन्य भक्तगण उपस्थित रहे।