
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “महज 7 वर्ष की अवधि में स्कूल के निदेशक श्री सिंह ने अपने अनुभवी, विशेषज्ञ व कुशल शिक्षकों के दम पर जिले में उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना ली है। बच्चों की नैसर्गिक प्रतिभा को तराशना और निखारना किसी स्कूल का प्रथम दायित्व होता है।”
मुख्य अतिथि का उद्बोधन :
मुख्य अतिथि विधान पार्षद डॉ तरुण कुमार ने रविवार को न्यू टेक्नोमिशन स्कूल के 7वें वार्षिकोत्सव का उद्घाटन करते हुए उक्त बातें कही। अभिभावकों की भीड़, बच्चों के खिले चेहरों को स्कूल की सफलता का आईना करार देते हुए उन्होंने कहा कि, “मैं देख पा रहा हूं कि, यहां कला, खेल, सामाजिक गतिविधियों, सांस्कृतिक गतिविधियों में बच्चों की नैसर्गिक प्रतिभा को बेहद खूबसूरती से निखारा जा रहा है। आज बच्चों ने अपने कलाकृतियों और प्रस्तुतियों से इसे साबित भी किया है।”
7 वें वार्षिकोत्सव का उद्घाटन :
बताते चलें कि रविवार को न्यू टेक्नोमिशन स्कूल का 7वाँ वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास व उमंग भरे वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम मुख्य अतिथि विधान पार्षद डॉ तरुण कुमार के साथ एसडीओ दिलीप कुमार, एडीएम राजस्व ब्रजेश कुमार, ललित नारायण मिश्रा महाविद्यालय मुजफ्फरपुर के डॉ विनय कुमार मिश्रा, स्कूल के निदेशक मुकुंद कुमार सिंह एवं उदय कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
एसडीओ ने कहा :
इस अवसर पर अपने संबोधन में एसडीओ दिलीप कुमार ने कहा कि, “गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का तात्पर्य है सर्वांगीण शिक्षा। जब हम सर्वांगीण शिक्षा की बात करते हैं तो उसमें, किताबी ज्ञान के साथ साथ संगीत–चित्रकला, खेल–कूद, विज्ञान व तकनीक, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियां आदि सभी का व्यावहारिक ज्ञान निहित होता है।
बच्चों ने किया अभिभूत :
उन्होंने कहा कि, “समारोह स्थल पर मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही स्कूल के बच्चों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में वह सब कुछ दिखा जो गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के प्रति स्कूल की प्रतिबद्धता की गवाही दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार से कार्यक्रम स्थल तक स्कूल के बच्चों ने जो छटा बिखेरी है वह निश्चित ही अभिभूत करने वाला है।”
निदेशक ने किया सम्मानित :
इस दौरान एनटीएमएस के निदेशक श्री सिंह ने आगत अतिथियों का शॉल एवं स्मृति चिन्ह से अभिनंदन किया। इस दौरान एडीएम सहित सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में स्कूल के उपलब्धियों की सराहना की और उत्तरोत्तर नए प्रतिमान गढ़ने की शुभकामनाएं दी।
स्वागत सम्मान और उद्घाटन के बाद विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।