
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। विवादित कृषि कानूनों व मनरेगा में बदलाव से उत्पन्न आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मनरेगा में बदलाव, बुलडोजर एक्शन एवं खाद कालाबाजारी पर रोक लगाने, धान खरीद की गारंटी करने आदि मांगों को लेकर भाकपा-माले के मजदूर संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिले भर में जुलूस निकालकर प्रखंड मुख्यालय एवं अंचल कार्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया।
इस क्रम में पूसा में भाकपा माले प्रखण्ड सचिव अमित कुमार के नेतृत्व में स्थानीय मानस मंदिर से जुलूस निकालकर प्रखंड मुख्यालय पर देशव्यापी धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ता अपने विभिन्न मांगों से संबंधित नारे लगाते रहे। फिर धरना पर बैठ गये। भाकपा माले प्रखंड सचिव अमित कुमार के अध्यक्षता में आयोजित सभा का संचालन खेग्रामस के प्रखंड सचिव सुरेश कुमार ने किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि, “मनरेगा को खत्म करने एवं इससे महात्मा गांधी का नाम हटाने से केन्द्र सरकार बाज आये। ऐसे किसी बदलाव को मजदूर किसान स्वीकार नहीं करेंगे जिसमें मजदूर किसान विरोधी साजिश की बू आती हो।” साथ ही उन्होंने मजदूर हितैषी 44 कानून को खत्म कर कंपनी हित में 4 श्रमकोड बिल वापस लेने की मांग की।
अंत में मांगों से संबंधित 9 सूत्री स्मार पत्र बीडीओ रविश कुमार रवि को सौंपकर मांगों को तत्काल पूरा करने अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

दूसरी तरफ ताजपुर में भाकपा माले, भाकपा एवं माकपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजधानी चैक से जुलूस निकालकर प्रखंड मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ता अपने मांगों के समर्थन में नारे लगाते रहे। भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, भाकपा अंचल सचिव रामप्रीत पासवान की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित सभा का संचालन खेग्रामस के प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं बिहार खेत मजदूर यूनियन के रामबृक्ष राय ने किया।
सभा को किसान महासभा के ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, सहित दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया। अंत में मांगों से संबंधित 5 सूत्री स्मार पत्र बीडीओ रवि भूषण को सौंपकर मांगों को तत्काल पूरा करने अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।