
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। “दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक है। अतः इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर कमी न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।”
दैनिक प्रतिवेदन :
मुंगेर विश्वविद्यालय में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को आयोजित चौथी समीक्षात्मक बैठक के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने उक्त बातें कही। इस क्रम में सभी समितियों को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश देते हुए कुलपति ने कहा कि, “संबंधित पदाधिकारी कार्य की प्रगति का दैनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।”
समितियों की तैयारियों की समीक्षा :
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार की अध्यक्षता में की आयोजित इस बैठक में विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारियां संबंधित अधिकारियों को सौंपी गईं तथा समारोह के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन हेतु विभिन्न समितियों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
आमंत्रण पत्र व सेल्फी प्वाइंट :
बैठक में समारोह में आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों एवं नामित गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति, अतिथि सूची के अंतिम रूप तथा आमंत्रण-पत्रों को डाक के माध्यम से भेजने की प्रक्रिया, समारोह स्थल पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट निर्माण एवं उसकी व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रवेश पत्र व दायित्वों से संबंधित निर्देश :
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया कि उन्हें प्रवेश-पत्र समारोह से दो से तीन दिन पूर्व उपलब्ध करा दिए जाएंगे। जबकि विभिन्न समितियों के सदस्यों को प्रवेश-पत्र एक दिन पूर्व वितरित किए जाएंगे। बैठक में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश द्वारों के निर्धारण एवं आवागमन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने, फूड कमेटी, हेल्प डेस्क तथा स्टेज मैनेजमेंट कमेटी को उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ड्रेस कोड और कैडेट्स की तैनाती :
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, सीनेट सदस्यों तथा एनसीसी अधिकारियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों की भूमिका, उनकी तैनाती तथा समारोह के दौरान उनके दायित्वों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
उपस्थिति :
बैठक में मुंगेर विश्वविद्यालय के डी एस डब्ल्यू प्रो. (डॉ.) महेश्वर मिश्र, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) घनश्याम राय, आर.डी. एंड डी.जे. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) बिजेंद्र कुमार, मुंगेर विश्वविद्यालय के सीसीडीसी प्रो. (डॉ.) दिवाकर कुमार, प्रो. (डॉ.) देवराज सुमन, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) दशरथ प्रजापति, कुलानुशासक प्रो. (डॉ.) जयंत कुमार उप कुलसचिव – II प्रो. (डॉ.) अंशु राय, मीडिया समिति की सदस्य लेफ्टिनेंट डॉ. प्रियवंदा शर्मा, लेफ्टिनेंट डॉ. नेहा कुमारी, सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्मृति कुमारी, सुरज कोनार, डॉ. मुनिंद्र कुमार सिंह, प्रो. (डॉ.) विद्या चौधरी, सहायक गौरव कुमार, शशांक शेखर, रवि रंजन, आदि शामिल थे। अंत में कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।