
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। लगातार पछुआ हवा और गिरते पारे के कारण हाड़ कंपाती ठंड ने आम आदमी का जीना मुहाल कर रखा है। फिलहाल अगले 5 दिनों में इससे राहत के आसार भी नहीं हैं।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से विश्वविद्यालय स्थित जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा अगले 31 जनवरी तक केलिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।
उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा में नमी की मात्रा अधिक रहने और लगातार पछुआ हवाएं चलने के कारण उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में ठंड में इजाफा होगा। जेट हवाओं के प्रभाव से कोल्ड-डे (शीत दिवस) की स्थिति बनी रह सकती है। सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है, हालांकि मौसम शुष्क बना रह सकता है।
पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि में अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं औसतन 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल सकती हैं।
सापेक्षिक आर्द्रता सुबह के समय 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 45 से 50 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।