
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर । महिला शिक्षिकाओं को हर माह मिलने वाले दो दिनों का विशेष अवकाश देना सुनिश्तिच करें। जिले के तमाम विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को इस आशय का पत्र जारी करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि टीईटी शिक्षक संघ, बिहार पंचायत नगर प्रारम्भिक शिक्षक संघ (मूल) एवं प्राथमिक शिक्षक संघ, समस्तीपुर से प्राप्त आवेदन के आलोक में यह मामला संज्ञान में आया है कि जिले के कतिपय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा महिला शिक्षिका के लिए देय विशेष अवकाश को नियमावली से हट कर परिभाषित करते है तथा विशेष अवकाश स्वीकृत करने में नियमावली का गलत हवाला देकर स्वीकृत नहीं करते हैं। शिक्षक संगठनों द्वारा यह भी आरोप लगाया गया है कि विशेषावकाश को उम्र/समय/तिथि से जोड़कर प्रताड़ित करते हैं, जो विभागीय प्रावधान/नियम के विरुद्ध है।
उक्त मामले में यह स्पष्ट किया जाता है कि नियामावली में साफ-साफ शब्दों में उल्लेखित है कि महिला शिक्षिकाओं को प्रत्येक माह दो दिनों का विशेष अवकाश देय होगा जो विद्यालय के प्रधान द्वारा स्वीकृत किया जाएगा। इसलिए सभी प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक उपरोक्त निर्देश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।