
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। जिले में लगातार गिरते तापमान और कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। पिछले तीन दिनों से सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से ठंड का असर और अधिक बढ़ गया है। दिन भर चलने वाली सर्द पछुआ हवा के कारण बढ़ी कनकनी लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर रही है।
इसी बीच ठंड से हो रही परेशानी से लोगों को राहत देने की कोशिश करते हुए जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा के निर्देश पर शहर के प्रमुख 5 तथा ताजपुर में 10 स्थानों पर अलाव का प्रबंध किया गया है। जिन स्थानों पर अलाव का प्रबंध किया गया है उनमें जिला मुख्यालय में पटेल गोलम्बर चौराहा, कर्पूरी बस पड़ाव, मगरदही घाट, मालगोदाम चौक, तथा स्टेशन चौक वहीं ताजपुर में अग्रवाल चौक, कॉलेज रोड मस्जिद के सामने, थाना चौक, हॉस्पिटल चौक, कोल्ड स्टोरेज चौक, मोती मिलन पेट्रोल पंप, बस स्टैंड, गांधी चौक, नीम चौक और हसन बुक डिपो शामिल हैं।
जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा द्वारा जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार वायुमंडल में ऊपरी सतह पर ठंडी हवा के आने से तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
इस ठंड के कारण मजदूरों, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहरी इलाके में प्रशासन की पहल पर लोगों को थोड़ी राहत तो मिली मगर ग्रामीण इलाकों में लोग निजी स्तर अलाव का प्रबंध कर ठंड से राहत पाने में लगे हैं।
उधर कृषि विशेषज्ञों ने आशंका जताई कि, मौजूदा मौसम का असर रबी फसलों पर भी पड़ सकता है। किसानों को फसलों की निगरानी करने और आवश्यकतानुसार सिंचाई व संरक्षण उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है, जिससे सतर्क रहने की अपील की है।