
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। कृषि जागरण एवं कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), बिरौली के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 24 जून 2026 को आधुनिक कृषि तकनीक आधारित “समृद्ध किसान उत्सव” (किसान मेला) का आयोजन किया जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली परिसर में आयोजित इस मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों प्रगतिशील किसानों, कृषि उद्यमियों, वैज्ञानिकों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक शामिल होंगे।
मिलेगी तकनीक व अन्य कृषि इनपुट्स की जानकारी :
इस विशेष आयोजन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन कृषि नवाचारों तथा कृषि व्यवसाय के नए अवसरों से जोड़ना है। कार्यक्रम में टीवीएस एक्सएल 100, जायडेक्स, सोमानी सीड्स, एसबीआई और इंडो अमेरिकन कंपनियां किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, जैविक उत्पाद, सिंचाई तकनीक तथा अन्य कृषि इनपुट्स की जानकारी प्रदान करेंगे।
संवाद से समस्याओं का समाधान :
कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ किसानों को फसल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल प्रबंधन, जलवायु अनुकूल खेती, पशुपालन, बागवानी एवं कृषि आधारित उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन भी देंगे। साथ ही इस मेले में किसानों को अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के समाधान हेतु विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।
कृषि को लाभकारी बनाने के उपाय :
इस बाबत जानकारी देते हुए आयोजन समिति ने बताया कि, समृद्ध किसान उत्सव केवल एक किसान मेला नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुभव और नेटवर्किंग का एक प्रभावी मंच है, जहां किसान नई तकनीकों को समझकर अपनी आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के उपाय जान सकेंगे।
अधिक से अधिक संख्या में भाग लें किसान :
इस परिपेक्ष्य में कृषि जागरण एवं कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली ने जिले के किसानों, प्रगतिशील कृषकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) एवं कृषि उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। यह कार्यक्रम किसानों को कृषि क्षेत्र की नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ आत्मनिर्भर एवं समृद्ध कृषि व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।