फॉग सेफ डिवाइस, फॉग सिग्नल मैन और डेटोनेटर से लैस होंगी ट्रेनें

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। कोहरे के मौसम में भी यात्रियों की सुरक्षा और समय पालन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कोहरे से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने केलिए रेलवे की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए उक्त बातें कही हैं।
ठंड के मौसम में “कोहरा” एक बड़ी चुनौती होती है। घने कोहरे से दृश्यता कम होने से ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगने के कारण ट्रेनें अक्सर देरी से गंतव्य तक पहुंचा करती हैं। कम दृश्यता कई बार दुर्घटना का कारण भी बन जाता है। इस चुनौती से निपटने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल ने सुरक्षित व समसमय रेल परिचालन सुनिश्चित करने हेतु व्यापक और बहुस्तरीय तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
मंडल रेल प्रशासन प्रतिकूल मौसम में भी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर ट्रेनों की गति नियंत्रित करने से परिचालन में होने वाले विलंब से बचने और समसमय सुरक्षित परिचालन के लिए मंडल ने तकनीकी मजबूती पर विशेष ध्यान दिया है।
इसके तहत इंजनों में फॉग सेफ डिवाइस लगाए जा रहे हैं, जिससे लोको पायलट कम दृश्यता में भी सिग्नल और महत्वपूर्ण ट्रैक लोकेशन की पहचान कर सकेंगे। साथ ही ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम का आधुनिकीकरण किया गया है। दृश्यता बढ़ाने के लिए प्रमुख ट्रैक पॉइंट्स पर चूने से मार्किंग, सिग्नल साइटिंग बोडों की सफाई, लेवल क्रॉसिंग गेटों पर लुमिनस पट्टियाँ तथा ट्रेनों के अंतिम डिब्बों में एलईडी फ्लैशर टेल लैंप लगाए गए हैं।
इसके अलावा रेट्रो–रिपलेक्टिव स्टॉप बोर्ड सहित सभी सुरक्षा उपकरणों का नियमित निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
मानव संसाधन प्रबंधन के तहत लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट और गाडों के लिए विशेष रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही क्रू चेंजिंग पॉइंट्स और लोको लिंक्स की सतत निगरानी की जा रही है।
महत्वपूर्ण स्टेशनों पर विजिबिलिटी टेस्ट ऑब्जेक्ट लगाकर कोहरे की तीव्रता का आकलन किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर फॉग सिग्नलमैन और डेटोनेटर जैसे सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाएंगे।