
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में उद्योग की स्थिति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पदाधिकारी, रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में शहर के हरपुर एलौथ स्थित जिला उद्योग केन्द्र के सभाकक्ष में उद्योग संवाद/वार्ता का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने किया समस्या और समाधान पर विमर्श का आग्रह :
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट-03 के अन्तर्गत समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार के तहत उद्योग एवं उद्यमशीलता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित उद्यमियों व निवेशकों से वार्ता करते हुए उद्योगों से जुडी समस्या एवं सुझाव पर विमर्श करने का आग्रह किया।
उद्यमियों ने समस्याओं पर खुल कर की बात :
उद्योग संवाद/वार्ता में उद्यमियों व निवेशकों ने विभिन्न समस्याओं पर खुल कर बात की। इस क्रम में उन्होंने औद्योगिक इकाईयों को नियमित विद्युत आपूर्ति, विधि व्यवस्था, परिवहन अन्तर्गत नो-इन्ट्री, जिले के बड़े उद्योगों एवं बियाडा क्षेत्र में जल निकास (ड्रेनेज), बियाडा क्षेत्र भूमि की उपलब्धता, बैंकों से कोलेट्रल फ्री एवं सस्ते ब्याज दर पर ऋण, उद्योगों के लिए डेडिकेटेड इन्डस्ट्रियल पावर फीडर एवं मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभूकों के द्वारा सरकारी विभागों में निविदा अन्तर्गत आपूर्ति योजनाओं में भागीदारी से संबंधित समस्याओं का उल्लेख किया।
सिंगल विंडो सिस्टम की मांग :
साथ ही निवेशकों ने जिला स्तर पर सिंगल विंडो प्रणाली की मांग की, ताकि, लाईसेंस / पंजीकरण सहित उद्योग संबंधी सभी जरूरतों व समस्याओं का समाधान एक ही स्थान या काउंटर से हो सके। इससे हमारे श्रम और समय की बचत होगी तो सकारात्मक माहौल बनेगा।
जिलाधिकारी ने दिए निर्देश :
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि, “बैठक में उठाई गई समस्याओं को शीघ्र समाधान किया जाय तथा जो मुद्दे नीतिगत पहलु से संबंधित हैं उन्हें आगे भेजा जाय।”
नियमित हों इस तरह की बैठकों का आयोजन :
उन्होंने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र को निर्देश दिया कि, “नियमित रूप से इस तरह का बैठक का आयोजन किया जाय तथा विद्युत, बैंक, फुड लाईसेंस संबंधी उद्योग संवाद अलग अलग आयोजित करायें जिसमें संबंधित हितधारकों को बुलाकर लंबित मामलों का निपटारा कराया जा सके।”
औद्योगिक विकास और निवेश संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता :
संवाद के अन्त में डीएम श्री कुशवाहा ने कहा कि, “इस तरह की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी और सभी औद्योगिक विकास एवं निवेश संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। यह उद्योग संवाद जिला में औद्योगिक विकास और निवेश को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपुर्ण एवं कारगर कदम साबित होगा।”
महा प्रबंधक ने किया स्वागत :
इस अवसर पर सर्वप्रथम महाप्रबंधक विवेक कुमार शर्मा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं उद्यमियों का स्वागत करते हुए ‘बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति’ पर संक्षिप्त जानकारी दी। इसी क्रम में एक उद्यमी ने अपना उत्पाद जिलाधिकारी को भेंट किया।

परियोजना प्रबंधक ने दी बिन्दुवार जानकारी :
तत्पश्चात उद्योग संवाद / वार्ता की शुरूआत करते हुए परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं राज्य सरकार द्वारा सात निश्चय पार्ट -03 अन्तर्गत ‘समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार’ के बारे में बिंदुवार की जानकारी दी।
एसपी ने दिया आश्वासन :
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, अरविन्द प्रताप सिंह ने विधि व्यवस्था से संबंधित मुद्दे को संज्ञान में लेते हुए उनके निष्पादन का आश्वासन दिया।
बैंकों और विद्युत विभाग के पदाधिकारी थे मौजूद :
इस बैठक में क्षेत्रीय प्रबंधक, युनियन बैंक ऑफ इंडिया एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय प्रबंधक, बियाडा, समस्तीपुर, कार्यपालक विद्युत अभियंता के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं उद्यमियों ने भाग लिया।