
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। आगामी 24 जनवरी 2025 को आयोजित भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती (राजकीय समारोह) एवं 26 जनवरी 2026 को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
निर्देश एवं चेतावनी :
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए विभिन्न निर्देशों के अनुपालन की विभागवार प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया। इस दौरान जिन विभागों की प्रगति धीमी पाई गई, उन्हें ससमय कार्य पूर्ण करने की चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि, “राजकीय समारोह और राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती (राजकीय समारोह) हेतु निर्देश :
भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में पूरी भव्यता के साथ मनाने के लिए निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि,
“जननायक के पैतृक गांव एवं अन्य आयोजन से संबंधित स्थलों पर साफ-सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव और रंग-रोगन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजकीय समारोह के दौरान तय प्रोटोकॉल के अनुसार माल्यार्पण एवं अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्था ससमय पूर्ण कर लिए जाएं।”
परेड की तैयारी व अभ्यास :
इसी क्रम में, 26 जनवरी को आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने, पटेल मैदान में आयोजित होने वाली परेड के लिए पुलिस बल एवं स्काउट्स की रिहर्सल को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
झांकी, यातायात एवं विधि व्यवस्था :
बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियों के निर्माण और उनकी थीम के चयन पर चर्चा की गई। साथ ही समारोह के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की सुचारू व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया गया।
मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता :
बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को आयोजन स्थल पर शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था के साथ–साथ अग्निशमन दस्ते और प्राथमिक चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं यह भी सुनिश्चित करने केलिए कहा गया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों की गुणवत्ता उच्च स्तरीय हो।
कई पदाधिकारी थे मौजूद :
बैठक के दौरान जिलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, एवं अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर निगम, और भवन निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
आपसी समन्वय और टीम भावना से करें काम :
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि, “ये दोनों आयोजन जिले के लिए अत्यंत गौरवशाली हैं, अतः सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर, टीम भावना के साथ काम करें ताकि, पूरे गरिमामय ढंग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।”