
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क समस्तीपुर । कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, सिंघिया खुर्द, समस्तीपुर में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस बड़े ही उत्साह और गंभीरता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रक्त दान शिविर का दीप प्रज्जवलित कर विधिवत उद्घाटन करते हुए संस्थान के अध्यक्ष एस. के. मंडल ने छात्रों, शिक्षकों एवं लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब समस्तीपुर में भी आधुनिक एवं नवीन तकनीकों से सुसज्जित अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से फिजियोथेरेपी की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल छात्रों को नवीनतम तकनीकी शिक्षा प्राप्त होगी बल्कि आम जनमानस को भी लाभ मिलेगा। श्री मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि फिजियोथेरेपी आज के दौर में स्वास्थ्य देखभाल का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के मरीजों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण फिजियोथेरेपी सेवाएं पहुंचाना है।
इस अवसर पर सदर अस्पताल, समस्तीपुर के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों एवं स्थानीय युवओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने फिजियोथेरेपी के महत्व पर पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों ने भी छात्रों के पहल की सराहना की और इसे समाज हित में एक सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के प्राचार्य, संकाय सदस्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में श्री मंडल ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं और समाज के साथ संस्थान के गहरे संबंधों को और मजबूत बनाते हैं।