
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
रत्न शंकर भारद्वाज
Oini 24 डेस्क विद्यापतिनगर । शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी विद्यालयों की दशा और दिशा में बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। इसी कडी में ऐसे आयोजन से एक ओर जहां बच्चों को नया सीखने का मौका मिलता है, वहीं दूसरी तरफ बच्चों की प्रतिभा और अभिरूचि परखने का अवसर भी मिलता है साथ ही उनका स्वस्थ मनोरंजन भी होता है।
शनिवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह संकुल संसाधन केंद्र मऊ के परिसर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक मो अमजद हुसैन ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि कर के सीखने की प्रवृति बच्चों में अधिक पायी जाती है। विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन खेल-खेल में कुछ कर के सीखने का बेहद उपयोगी व प्रभावी माध्यम हैं ।
बताते चलें कि प्रखंड के मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत में स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह संकुल संसाधन केंद्र मऊ के परिसर में शनिवार को शिक्षा विभाग तथा बिहार शिक्षा परियोजना समस्तीपुर के निर्देश पर विद्यालय के शिक्षकों के निर्देशन में स्कूली बच्चों के द्वारा संकूल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी लगाई गई।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो० अमजद हुसैन एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिर्जापुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार रजक ने बच्चों द्वारा तैयार की गई विज्ञान किट का अवलोकन कर उसके बारे में छात्र-छात्राओं से जानकारी प्राप्त की।
क्विज प्रतियोगिता एवं विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा 9-12 वर्ग में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊ की छात्रा सुप्रिया कुमारी एवं अराधना झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि कक्षा 6-8 श्रेणी में विज्ञान प्रदर्शनी में उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिर्जापुर के छात्र आदित्य प्रकाश मिश्रा को प्रथम, कन्या मध्य विद्यालय मऊ की छात्रा संध्या कुमारी को द्वितीय तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय मऊ बांध किनारे की छात्रा मन्नत खातून को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं क्विज प्रतियोगिता में दुर्गेश राज, मीठी कुमारी तथा रानी खातून को क्रमशः प्रथम, द्वितीय तल तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार रजक ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता से बच्चों का मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे आयोजन सिर्फ निजी विद्यालयों में होते थे, लेकिन अब सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी इस प्रकार के कार्यक्रम में भाग लेने का मौका मिलता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है। मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अलावा प्रधानाध्यापक नरेश महतो, शिक्षक कुमार शुभम आदि मौजूद थे।