
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विद्यापतिनगर। राम जानकी विवाह महोत्सव को लेकर सोमवार को भक्त और भगवान की मिलन स्थली जगत प्रसिद्ध विद्यापतिधाम मंदिर परिसर स्थित राम जानकी राधाकृष्ण मंदिर से भगवान राम के बारात की भव्य झांकी निकाली गयी।
गाजे–बाजे, हाथी, घोड़े, ऊंट आदि से सजी बारात में रथ पर विराजमान साधु–संत, ऋषि–मुनि संग भगवान राम के प्रतिरूप पूरी तरह से भव्यता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे थे।
प्रभु श्री राम के बारात की यह झांकी विद्यापतिधाम होते हुए साहिट गांव से बाजिदपुर बांध होते हुए मऊ शेरपुर तक गई। इसके बाद बालकृष्णपुर मड़वा होते हुए कोल्ड स्टोरेज, सुभानीपुर, मलकलीपुर होते हुए राम जानकी राधाकृष्ण मंदिर परिसर पहुंची। जहां पुजारी दीनदयाल गिरि, संत महात्माओं के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच मिथिला की परंपरा के अनुसार बारात का स्वागत किया।
इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा सड़क के दोनों किनारे पर खड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ प्रभु राम आदि की एक झलक पाने को लेकर बेताब दिखे।
इससे पहले दो दिवसीय श्री राम जानकी महोत्सव का विद्यापति मंदिर के व्यवस्थापक गणेश गिरि कवि, धीरेंद्र कुमार सिंह, चतुरानंद गिरि सहित दर्जनाधिक गणमान्य लोगों ने ध्वज पताका लहरा कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम के वेश में रजनीकांत कुमार गिरि, लक्ष्मण के वेश में दीपक कुमार गिरि, भरत के वेश में रूपेश गिरि, शत्रुघ्न के वेश में छोटू गिरि, दशरथ के वेश में कृष्णकांत गिरि, गुरु वशिष्ठ के वेश में रामप्रवेश पंडित एवं मौनी बाबा के वेश में राजा गिरि रथ पर विराजमान थे।
इस क्रम में जगह जगह महिलाओं व श्रद्धालुओं ने बारात पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया और श्रद्धा पूर्वक उनकी आरती उतारी।
विद्यापति मंदिर के सदस्य चतुरानंद गिरि ने बताया कि बारात आगमन के पश्चात मंगलवार को राम जानकी विवाह मंडप में वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठान के बीच राम जानकी विवाह होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
जिसमें उगना महादेव मंदिर समेत पूरे परिसर को रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया है। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों का उत्साह देखते बनता है।
मौके पर गणेश गिरि कवि, जदयू नेता धीरेंद्र कुमार सिंह, नवल गिरि, भूपेंद्र नारायण सिंह, मौजी प्रसाद यादव, नागेंद्र सिंह, दीनदयाल गिरि, हरिओम गिरि आदि मौजूद थे।