
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क मुंगेर। एनएसएस, मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन, भारत सरकार के निर्देश के अनुसार ‘रेड रन 2025’ का आयोजन 25 अगस्त, 2025 को किया जाएगा।
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डाॅ) घनश्याम राय ने उक्त जानकारी देते हुए बताया है कि, इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य संबंधित विषयों के प्रति जागरूकता फैलाना है ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम अलग अलग चरणों में महाविद्यालय, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तर पर यह कार्यक्रम अगस्त 2025 के आखरी सप्ताह में और राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन सितंबर 2025 में संभावित हैं। इस प्रतियोगिता में एनएसएस, स्वयंसेवक, रेड रिबन क्लब सदस्य एनसीसी कैडेट एवं महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र -छात्रा प्रतिभाग कर सकते हैं।
डाॅ राय ने बताया कि रेड रन 2025 के सफल संचालन में सहयोग एवं समन्वय हेतु जिला नोडल पदाधिकारी मुनींद्र कुमार सिंह को नामित किया गया है। इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु समिति स्तर से एक साधन सेवी भाग लेंगे।
वहीं कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि 5 किमी के रेड रन प्रतियोगिता 2025 में 17 से 25 वर्ष के युवा शामिल हो सकते हैं। जिला स्तर पर प्रतिभाग हेतु 10 प्रतिभागी प्रति महाविद्यालय का चयन किया जाएगा। राज्य स्तर के प्रतियोगिता हेतु जिला के 10 विजेता प्रतिभागियों में से सर्वश्रेष्ठ 6 विजेता (3 छात्र एवं 3 छात्रा) प्रति जिला का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार स्वरूप 10 विजेता को कुल 100 पुस्तकें प्रदान की जाएगी जिसमें सामान्य ज्ञान दिग्दर्शन, द् आर्ट ऑफ मेमरि, सामान्य ज्ञान, करेन्ट अफेयर्स कौन क्या है?, वाक् कला, व्यक्तित्व विकास, भाषण कला, असली कामयाबी, Objective English, Dynamics of Achieving Goals शामिल हैं ।
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो (डॉ) संजय कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता में वृद्धि होगी। स्वस्थ युवा राष्ट्र निर्माण में अधिक योगदान कर सकते हैं। पुरस्कार स्वरूप पुस्तकों से युवाओं के व्यक्तित्व और सामान्य ज्ञान का विकास होगा । मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा घनश्याम राय ने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन होने से युवा स्वयं जागरूक होंगे और समाज को भी जागरूक कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में एक्सट्राकैरिकुलर एक्टविटिज को बढ़ावा मिलेगा।