
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 रोसड़ा। रोसड़ा बाजार के गांधी चौक पर स्थापित वर्षों पुरानी महात्मा गांधी की प्रतिमा को बुधवार की देर रात जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना से एक तरफ प्रशासन स्तब्ध है। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोगों में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ :
गांधी चौक पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा लंबे समय से शहर की पहचान और श्रद्धा का केंद्र रही है। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दिन निकलते ही घटनास्थल पर लोगों की व्यापक भीड़ जुट गई।
राष्ट्र के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटना :
भाकपा माले नेता अमित कुमार ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि, “यह केवल एक प्रतिमा का नुकसान नहीं, बल्कि यह रोसड़ा के सम्मान और अभिमान की क्षति है। यह राष्ट्रपिता का अपमान और उनके प्रति राष्ट्र के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटना है।”
की जाएगी उचित कार्रवाई :
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस क्रम में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। शीघ्र ही दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपेक्षा :
उधर नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि, “प्रतिमा स्थल को अविलंब सुव्यवस्थित कर महात्मा गांधी की प्रतिमा पुनः स्थापित कराई जाए। साथ ही चौक पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोहराई न जा सके।”
शीघ्र ही होगा खुलासा :
कुछ लोग इसे असामाजिक तत्वों की करतूत मान रहे हैं। वहीं कुछ लोगों को इसमें प्रशासन के मिलीभगत या मौन सहमति की बू आ रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम, व डीएसपी ने कुछ भी कहने से मना कर दिया। कहा, जांच पूरी होने पर ही कुछ कहा जा सकता है।