
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर में मतदाता जागरूकता की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल का असर है कि प्रखण्डों में भी मतदान हमारा अधिकार है का नारा गूंज रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार, जिला स्वीप कोषांग के तत्वावधान में पूरे जिले के विभिन्न प्रखंडों में रंगारंग और जनसहभागिता पर आधारित अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का महत्व समझाना और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है। अभियान के प्रमुख आकर्षणों में से एक है वाल पेंटिंग। स्वीप टीम द्वारा स्थानीय कलाकारों की मदद से विद्यालयों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर सुंदर पेंटिंग बनाई जा रही हैं।
इनमें “कोई मतदाता न छूटे”, “मतदान लोकतंत्र की ताकत है” और “आपका वोट, आपका अधिकार” जैसे प्रेरक संदेश आकर्षक चित्रों के माध्यम से उकेरे गए हैं। ये रंगीन संदेश ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर स्वीप कोषांग ने नुक्कड़ नाटक और कला मंडलियों की टीमों को जन-जागरूकता के लिए मैदान में उतारा है। ये टीमें विभिन्न चैक-चैराहों, बाजारों और गाँवों में जाकर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दे रही हैं।
नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मतदान न करने के नुकसान, ईवीएम की पारदर्शिता और सही उम्मीदवार चुनने का महत्व सरल और मनोरंजक शैली में बताया जा रहा है। लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से कलाकार ‘वोट हमारा अधिकार है’ का संदेश देते हुए ग्रामीणों में उत्साह और सहभागिता का माहौल बना रहे हैं।
इसी कडी में हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में सांस्कृतिक संस्था दूर देहात के कलाकारों ने मध्य विद्यालय कुंडल, मध्य विद्यालय मधेपुर, प्राथमिक विद्यालय मामूपुर एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय चक्का उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसुआ, प्राथमिक विद्यालय राजघाट, उत्क्रमित मध्य विद्यालय निमी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कविलासी में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया।
कलाकारों की टीम में संस्था सचिव प्रभु नारायण झा, रामाश्रय दास, प्रहलाद शर्मा, राज कुमार प्रिंस, हरे राम पासवान विक्रम दास, संतोषी देवी, रिंकू राणा, नूतन कुमारी, अवनीश कुमार राय, गौरव आदि थे।
स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि हमारा लक्ष्य केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाना नहीं, बल्कि जागरूक, नैतिक और समावेशी मतदान को बढ़ावा देना है। पारंपरिक कला रूपों के माध्यम से हम जनता के दिलों तक सीधे पहुँच बना रहे हैं।” उन्होंने संभावना जताई कि यह रंगारंग पहल आगामी चुनाव में रिकॉर्ड मतदान का नया अध्याय लिखेगी।