
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। 20 सालों में भाजपा और नीतीश कुमार ने बिहार की पूरी एक पीढ़ी को बेरोजगारी, पलायन, अपराध, दयनीय शिक्षा स्वास्थ्य व्यवस्था, जर्जर अर्थव्यवस्था, अफसरशाही, भ्रष्टाचार, घूसखोरी, कमीशनखोरी, अनदेखी, बाढ़ राहत में घोटाले से बर्बाद कर दिया। बुधवार को हरिशंकरी हाई स्कूल मैदान में समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उक्त बाते कही।
उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि उम्र में थोडा कच्चा हूं मगर विश्वास करें वादे का पक्का हूं। बेरोजगारी हम सबकी दुश्मन है, इसे जड़ से खत्म करेंगे और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर जिस परिवार में कोई सरकारी नौकरी नहीं है, उस परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।
उन्होंने याद दिलाया कि पिछले 17 महीने की सरकार में 05 लाख युवाओं को नौकरी दी गई।
श्री यादव ने कहा कि लालू जी ने सामाजिक न्याय दिलाया, अब हम आर्थिक न्याय दिलायेेंगे। बेरोजगारी, महंगाई व घूसखोरी को क्लीन बोल्ड करेंगे। पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और सुनवाई वाली सरकार बनेगी। महिलाओं को माई बहिन मान योजना के तहत प्रति माह ढ़ाई हजार रुपए, सालाना 30 हजार तो 5 साल में 1.5 लाख रुपए देंगे।
इस अवसर पर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार में भय भ्रष्टाचार एवं अराजकता का आलम है नीतीश सरकार हर मोर्चे पर विफल है तथा बिहार में अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की बनेगी।
अखिल भारतीय पान महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आईपी गुप्ता ने कहा कि अब संपूर्ण पान समाज एवं सहनी समाज महागठबंधन के साथ है। नीतीश कुमार से बिहार सम्भल नहीं रहा है। स तेजस्वी जी अब बिहार को संभालेंगे और विकसित बिहार बनायेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक सह महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि आप लोगों के सहयोग तथा आशीर्वाद, स्नेह और प्यार से समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की गाथा लिख सका हूं। आज समस्तीपुर विधानसभा के विकास मॉडल की चर्चा सूबे बिहार में हो रही है।
सभा की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, संचालन माकपा नेता सत्यनारायण सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन स्थानीय मुखिया राजीव कुमार राय ने की।
इसके पुर्व आगत अतिथियों का स्वागत स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने माला, बुके, मोमेंटो तथा चादर से की। इस अवसर पर प्रजापति समाज के जिलाध्यक्ष प्रमोद पंडित ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को मिथिला की लोक परम्परा के प्रतीक सामा-चकेवा भेट की।